नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह अब सरकारी विभागों के विज्ञापन देकर लोगों को नौकरी के लिए बहका रहा है। नया मामला शिक्षा विभाग में मिड-डे-मील वर्करों की भर्ती का आया है। ठग गिरोह ने ऐसा ही एक विज्ञापन दिया है। इसमें अनुबंधन के आधार पर मिड-डे-मील स्कीम में विभिन्न पदों की भर्ती का दावा किया है। जबकि विभाग की तरफ से ऐसी कोई भर्ती नहीं निकाली गई है। इन विज्ञापनों का प्राथमिक शिक्षा निदेशक राजनारायण कौशिक ने खंडन किया है। उनका कहना है कि मिड-डे-मील स्कीम में विभिन्न पदों के लिए भारत सरकार या फिर राज्य सरकार ने कोई भी विज्ञापन नहीं दिया है। ये विज्ञापन फर्जी हैं और लोगों को ठगने के लिए दिए गए हैं।
गांव जठलाना निवासी गुरमीत और राकेश ने बताया कि उन्हें पता चला था कि मिड-डे-मील स्कीम में विभिन्न पदों के लिए भर्ती निकली है। इसके लिए वे शिक्षा विभाग के आफिस में गए, लेकिन वहां से पता चला कि किसी तरह की भर्ती नहीं निकली है। उनका कहना है कि उन्हें बताया गया है कि यह कोई ठग गिरोह है, जोकि नौकरी के नाम पर लोगों को ठग रहा है।