सुबह छह बजे से नौ बजे तक होगा कार्यक्रम, हर माह दो बार होगा कार्यक्रम
यमुनानगर | आज सुबह छह बजे से नौ बजे तक पुलिस का राहगीरी कार्यक्रम होगा। शहर में पहली बार हो रहे इस कार्यक्रम को नेहरू पार्क एरिया में रखा गया है। इसका उद्देश्य जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ाना और संबंधों को सुधारना रहेगा। कार्यक्रम में पर्यावरण स्वच्छता का संदेश देते हुए अधिकारी गाड़ी छोड़कर साइकिल से पहुंचेंगे।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर निर्मल सिंह धौलरा ने बताया कि यह पहला कार्यक्रम होगा। सरकार के आदेश पर यह शुरू किया गया है। आगे से एक माह में दो रविवार को इसी तरह का कार्यक्रम किया जाएगा। आज होने वाले कार्यक्रम में एसपी राजेश कालिया मुख्यातिथि के रूप में पहुंचेंगे। कार्यक्रम में बॉक्सिंग, फुटबाल, ताईक्वांडो, साइकिलिंग, योगा, लाइव बैंड, डांस समेत अन्य इवेंट होंगे। कार्यक्रम में आने वाले व्यक्ति की जिसमें भी रूचि होगी, वह उसमें भाग ले सकता है। यह पूरा कार्यक्रम करीब आधा किलोमीटर के एरिया में होगा। सुबह के समय नेहरू पार्क के एरिया की रोड पर बाइक, कार समेत अन्य मोटर व्हीकल की एंट्री बैन की गई है। जो भी आएगा, उसे साइकिल या फिर पैदल आना होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस कार्यक्रम में सीएम मनोहरलाल भी शिरकत करेंगे। अभी इसके लिए तारीख तय नहीं हुई है।