हड़ताली सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को शहर की सफाई व्यवस्था को ठप करने की कोशिश की। कूड़ा न उठ पाए इसके लिए नगर निगम के स्टोर पर ताला लगा दिया। इस वजह से कूड़ा उठाने वाले वाहन स्टोर से बाहर नहीं निकल पाए। वाहन चालकों से भी रोषित कर्मचारियों की तकरार हुई। निगम के सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी बीच कूड़े से भरी एक ट्रॉली को भी कर्मचारियों ने जबरन खाली करवाया। पूरे दिन कर्मचारी सफाई व्यवस्था को ठप करने की योजना बनाते रहे। ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों को भी जान से मारने की धमकियां देने का आरोप लगा है।
लेबर कॉलोनी के पास ही नगर निगम का स्टोर रूम है। इस स्टोर रूम में निगम की सफाई कार्य से जुड़े वाहन रात को खड़े किए जाते हैं। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे करीब डेढ़ दर्जन हड़ताली सफाई कर्मचारी प्रधान राजकुमार धारीवाल की अगुवाई में स्टोर रूम के पास जमा हो गए। जबरन इन कर्मचारियों ने स्टोर पर ताला लगा दिया ताकि कूड़ा उठाने वाला कोई भी वाहन बाहर न निकल पाए। वाहन चालकों की कर्मचारियों से तकरार हो गई। स्टोर पर ताला लगने की सूचना मिलते ही चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अनिल नैन खुद दूसरे सेनेटरी इंस्पेक्टर्स पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में कर्मचारी स्टोर पर लगाए गए ताले को खोलने के लिए राजी हो गए। जिसके बाद वाहनों को बाहर निकाला गया।
यमुनानगर-लेबर कॉलोनी के पास स्टोर को ताला सफाई कर्मचारी
महावीर चौक पर हुआ हंगामा
थोड़ी देर बाद ही हड़ताली कर्मचारी शहर के महावीर चौक पहुंच गए। यहां एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक डस्टबिन से कूड़ा ट्रॉली में भर रहा था। कूड़ा भरने के बाद जब चालक ट्रॉली को लेकर निकला तभी कर्मचारी वहां पहुंच गए। इसके बाद चालक को तुरंत ट्रॉली खुले में खाली करने के आदेश दिए गए। पहले तो चालक ने मना कर दिया। पर अपने साथ मारपीट की आशंकाओं के चलते उसने डस्टबिन के बाहर ही कूड़ा ट्रॉली से खाली कर दिया। यहां भी थोड़ी देर बाद निगम की टीम पहुंच गई। फिर बाहर डाले गए कूड़े को दोबारा ट्रॉली में लोड करवाकर उसे भेजा गया।
लोगों की पहरेदारी में हुई सफाई
वार्ड नंबर-8 के मॉडल टाउन स्थित जवाहर रोज गार्डन में शनिवार को स्थानीय लोगों की पहरेदारी में कर्मचारियों ने सफाई की। भाजपा नेता मनीष मलिक ने बताया कि हड़ताल की वजह से गार्डन में कई दिन से निरंतर सफाई नहीं हो रही थी। शनिवार को विवाद की वजह से कर्मचारी डर के साए में कार्य कर रहे थे। तब मलिक ने जवाहर रोज गार्डन के कुछ लोगों को एकजुट कर अपनी पहरेदारी में कर्मचारियों से सफाई करवाई। मलिक ने बताया कि निरंतर सफाई न होने से डस्टबिन के बाहर तक गंदगी फैली हुई थी। जबकि सड़क किनारे भी कई जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे। इस दौरान सत्यजीत शर्मा, इंद्रजीत आहुजा व सोनू ने कर्मचारियों को हर संभव मदद करने का भी भरोसा दिया।
फिर सरकार पर बोला हमला
नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले मांगों को लेकर पिछले 11 दिन से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने फिर राज्य सरकार पर हमला बोला। राज्य शाखा के उपप्रधान रोहताश व सचिव प्रवेश परोचा ने कहा कि अब वे पीछे हटने वाले नहीं है। इस मौके पर प्रधान राजकुमार धारीवाल, जरनैल सांगवान, महीपाल सौढे, जोत सिंह रावत, सोमनाथ, विनोद त्यागी, राजेंद्र सिंह, गुलशन कुमार, ललित कुमार, गुलजार अहमद, सोरण, राजबाला, सलिंद्रो देवी, संजय कुमार, प्रिंस ने भी सरकार पर तीखा हमला किया गया।
हेल्पलाइन नंबर जारी
11 दिन से सफाई कर्मचारियों की चल रही हड़ताल की वजह से अब प्रशासन भी हरकत में है। डीसी गिरीश अरोड़ा ने बताया कि सफाई की शिकायतें दर्ज करने के एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। 24 घंटे यहां सफाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज की जाएंगी। सफाई से जुड़ी समस्या वाट्सएप नंबर- 7082410824, हेल्पलाइन नंबर-180030709777 तथा 01732-237841 व स्वच्छता एप पर शिकायतें दर्ज करने की व्यवस्था रखी गई है। अरोड़ा ने कहा कि अगर हड़ताली कर्मचारियों ने जबरन सफाई कार्य रोकने का प्रयास किया तो कार्रवाई की जाएगी।