पिछले 11 दिनों से हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों ने अब व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश शुरू कर दी है। पहले शनिवार को निगम के स्टोर पर ताला लगाकर वाहनों को रोका, तो रविवार को रेलवे रोड पर कूड़ा उठाने पहुंचे ठेकेदार के कर्मचारियों को रोक दिया। कूड़े से भरी एक ट्रॉली को कर्मचारियों ने जबरन खाली करवाया। रविवार होने के चलते अधिकारी भी छुट्टी पर रहे तो इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। कर्मचारियों की ओर से मांगों को लेकर शहर में रोष मार्च निकाला गया। स्पीकर के आवास पहुंचकर उनके नाम से ज्ञापन सौंपा। रेलवे रोड पर सुबह के समय ठेकेदार के कर्मचारियों ने कूड़े की ट्रॉली भरी। जिसकी भनक लगते ही हड़ताली कर्मचारी पहुंच गए और जबरन ट्रॉली खाली करवाई।
यमुनानगर | मांगो को लेकर ज्ञापन देने जाते दमकलकर्मी व सफाईकर्मी।
कर्मियों ने सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले मांगों को लेकर 11 दिन से हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने फिर सरकार पर हमला बोला। कर्मचारियों का आरोप है चार साल से सरकार उन्हें झूठे आश्वासन दे रही है। सचिव प्रवेश परोचा ने कहा कि अब वे पीछे हटने वाले नहीं है। सरकार की करनी व कथनी में अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठे वायदे कर सत्ता में आई है। आने वाले चुनावों में सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कमेरे वर्ग की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है जबकि पूंजीपति देश को लूटकर विदेश भाग रहे हैं। इस मौके पर बिट्टू ससौली, संजय गुलजार, राजकुमार, सोरण, रमन भी मौजूद रहे।