पटेल नगर में विवादित जगह पर बनी झोपड़ी में लगाई आग, पुलिस को दी शिकायत
कैंप के पटेल नगर में विवादित जमीन पर बनी झोपड़ी में रात के समय कुछ लोगों ने आग लगा दी। लोगों ने इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी। फायर बिग्रेड कर्मियों ने मौके पर आग पर काबू पाया। आज बुजुर्ग महिला शांति देवी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। वहीं इसको लेकर पार्षद निर्मल चौहान से भी मिले। पटेल नगर निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वे 60-70 साल से यहां पर रह रहे हैं। जिस जमीन पर उनके मकान बने हुए हैं, वह उनके नाम नहीं है, लेकिन कब्जा उनका है। कॉलोनी में ही एक प्लाट में उसकी मां शांति देवी रहती है। उसने वहां पर अपनी झोंपड़ी डाली हुई है। इस प्लाट को लेकर एरिया का ही दूसरा पक्ष विरोध कर रहा है। वे यहां पर धार्मिक स्थल बनाना चाहते हैं। इसको लेकर विवाद चल रहा है। रात करीब दो बजे कुछ युवक बाइक पर आए। उन्होंने झोंपड़ी और प्लाट में पड़े अन्य सामान में आग लगा दी। जिससे सारा सामान जलकर राख हो गया। जिस समय यह घटना हुई उसकी मां शांति देवी उनके घर पर थी। अगर वे झोंपड़ी में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनका कहना है कि जिन लोगों ने झोंपड़ी में आग लगाई है उनके खिलाफ पुलिस को शिकायत दे दी है। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी ओमप्रकाश का कहना है कि शिकायत ले ली गई और मामले की जांच चल रही है।