जीरकपुर-पटियाला नेशनल हाईवे पर टोल-प्लाजा बनकर हुआ तैयार
जीरकपुर से करीब 5 किलोमीटर आगे पटियाला रोड पर टोल प्लाजा बनकर तैयार हो चुका है। लेकिन, इसे शुरू करने से पहले बनूड़ में बन रहे फ्लाईओवर का काम पूरा करना जरूरी है। इस काम में कुछ समय लग सकता है। उसके बाद ही टोल प्लाजा पर गाड़ियों की एंट्री के लिए शुल्क वसूलना शुरू होगा। फोरलेन का कंस्ट्रक्शन वर्क पंजाब सरकार का पीडब्ल्यूडी विभाग कर रहा है। जब कंस्ट्रक्शन पूरा हो जाएगा तो उसको आॅपरेट करने के लिए एनएचएआई को हेंडओवर किया जाएगा। कंपनी के प्रोजेक्ट अधिकारी ने बताया कि जीरकपुर से बठिंडा तक निर्माणाधीन राज्य मार्ग का निर्माण अब पूरा होने को है। सड़क बना रही कंपनी की ओर से 30 अप्रैल तक सभी काम पूरे कर इस स्टेट हाईवे को एनएचएआई अथॉरिटी को सौंपा जाएगा।
हालांकि, टोल टैक्स की दरें अभी तय नहीं हैं। टोल प्लाजा का तकरीबन सारा काम पूरा हो गया है। टोल प्लाजा के आसपास की सभी सड़कें भी बनाई जा चुकी हैं। वहां पर पर्ची काटने के लिए कैबिन भी पूरी तरह से तैयार हैं।