जीरकपुर में नक्शा मकान का पास कराया गया और बना दी 20 अवैध दुकानें
जीरकपुर की वीआईपी रोड पर कई ऐसे निमार्ण हैं, जो बिल्डिंग बायलाॅज की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हँ। यहां एक नहीं, बल्कि दर्जनों बिल्डिंग्स ऐसी हैं जो नियमों के बाहर बन रही हैं। लेकिन, इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। नक्शा मकान का पास करवाया गया है, लेकिन बना दुकानें गई हैं।
हैरानी तो यह है कि नियम के अनुसार इस बिल्डिंग के आगे 65 फुट रोड के साथ करीब 35 फुट पार्किग की जगह भी होनी चाहिए, पर ऐसा यहां नहीं किया गया है। यही नहीं यहां दर्जनों शोरूम ऐसे पास किए गए हैं, जिनकी बेसमेंट की जगह पार्किग दिखाई गई है, पर पार्किग की जगह भी शोरूम बना दिए गए हैं। पैसा कमाने के लालच में प्राॅपर्टी डीलर ने मनमाने तरीके से काम किया है। लेकिन, इनको एमसी के अधिकारियों ने अब तक नहीं रोका है।
मास्टर प्लान में सड़क की जगह पर बना दी दुकानें : यहां एक ऐसा कारनामा प्रॉपर्टी डीलर ने किया है कि मास्टर प्लान में जिस जगह रोड होनी चाहिए थी, वहां दुकानें बना दी गई हैं। ऐसे में शहर को मास्टर प्लान के मुताबिक कैसे आगे ले जाया जाएगा।
वहीं, यहां पर रहने वाले सुनील शर्मा मनमाने तरीके से हो रहे निर्माणों को रोकने के लिए अब लोग सड़कों पर उतरने वाले हैं। ऐसा करना ही पड़ेगा। मैं वीआईपी रोड पर रहता हूं। यहां सामने एपल हाइट्स के बेसमेंट है, जोकि पार्किग के लिए पास थी। वहां, डिस्को क्लब बना दिया गया है। यह अधिकारियों को रोकना चाहिए था। हमारी पूरी एसोसिएशन इस मसले को लेकर अदालत में जाएगी।
एक और निवासी मनिंदर सिंह ने बताया कि यहां कई दुकानें बनाई गई हैं। जिनका नक्शा रेजिडेंशियल का पास किया गया था, लेकिन यहां अब दुकानें बन गई हैं। जिस जगह यह बिल्डिंग बनी है, उस जगह पार्किग के लिए भी जगह नहीं छोड़ी गई है। तीन मंजिला बिल्डिंग में दो दर्जन दुकानें है। इतनी दुकानों में अगर 25 गाड़ियां भी आएंगी तो वे कहां खड़ी होंगी। प्रशासन द्वारा इस पर क्यों कार्रवाई नहीं हो रही है।
वहीं, जीरकपुर एमसी के प्रधान कुलविंदर सिंह ने बताया कि नक्शा पास करने और उसको चेक करने का काम एमसी अधिकारियों का है। वे अगर अपना काम ठीक से करें तो शहर का ऐसा हाल न होता। हम मीटिंग में अब मास्टर प्लान रोड और एेसे अवैध निर्माणों को लेकर एक प्रस्ताव पास कर, उस पर कार्रवाई करने की तैयारी में हैं।
उधर, विधायक एनके शर्मा ने बताया कि लोकल बाडीज मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू खुद को ईमानदार बताते हैं, पर उनके आने के बाद अवैध कॉलोनियों के नक्शे उनकी पार्टी के हलका इंचार्ज के घर पर ही पास करवाए जा रहे हैं। यह धंधा जोरों पर चल रहा है।
साथ ही निर्माण के बाद पार्किंग के लिए भी नहीं रखी गई कोई जगह