नाम वीआईपी रोड, लेकिन हर शाम यहां लोग जाम में फंस रहे हैं। वीरवार रात 8 से लेकर 9 बजे तक यहां सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी रही। अगर इस दौरान यहां कोई मरीज एंबुलेंस मंे होता तो निश्चित तौर पर उसे बचाना मुश्किल रहता। यहां हर रात को यही हाल हो रहा है। इसके बावजूद जीरकपुर ट्रैफिक पुलिस नदारद रहती है। जब एक किलोमीटर के दायरे में जाम लग गया और लोग सड़क पर लड़ने झगड़ने लगे तो कुछ गाड़ियांे में से लोग बाहर आए। तब एक घंटे की कोशिश के बाद गाड़ियां आगे सरकी।
रोज क्यों लग रहा है ट्रैफिक जाम: जीरकपुर एमसी के अधिकारियों की वजह से इस रोड का यह हाल हो रहा है। अब भी एमसी के अधिकारी यहां बिना पार्किंग की जगह देखकर शोरूम की पहली, दूसरी और बेसमेंट में पार्किंग की जगह दुकानों के नक्शे पास करने से बाज नही आ रहे है। पार्किंग की जगह न होने से सड़क के किनारे गाड़ियां खड़ी होने से यहां रोजाना ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इसके अलावा यहां ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारी भी तैनात नहीं होते।
रोज परेशान हो रहे हैं लोग: वीआईपी रोड पर रोज शाम से लेकर रात तक ट्रैफिक की हालत इसी तरह बदतर रहती है। न तो नगर परिषद के अफसर इस तरफ ध्यान दे रहे हैं और न ही यहां पुलिस की पुख्ता तैनाती रहती है। लंबे समय से लोगों को इसी तरह परेशान होना पड़ रहा है। सड़क के दोनों तरफ दुकानें और बड़े शोरूम तो बना दिए गए हैं, लेकिन वहां पार्किंग के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। एेेसे में गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी होती हैं।
लोग बोले-निकाय मंत्री ध्यान दें...
स्थानीय निवासी हरदयाल सिंह ने कहा कि मैं स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्ध को मैसेज देना चाहता हूं कि आपके महकमे को कोई देखने वाला नहीं है। जीरकपुर के पंजाब की राजधानी के पास होने बाद भी पब्लिक इस तरह हर दिन परेशान हो रही है। आपके अधिकारी नियमों के खिलाफ जाकर यहां नक्शे पास कर रहे हैं। जो गलत कर रहा है, उसे रोक नहीं रहे हैं। फिर आपका महकमा किस काम का है। यह तो जंगलराज हो गया।
नरेश कुमार का कहना है कि यहां जब ट्रैफिक जाम हो गया और लोग आपस में उलझने लगे तो पुलिस कहीं नजर नहीं आई। जीरकपुर ट्रैफिक पुलिस नाकों पर ट्रकों को रोकने में ज्यादा रुचि दिखाती है। जहां हजारों लोग परेशान रहते हैं। उस ओर यहां की ट्रैफिक पुलिस का ध्यान नहीं रहता है। लोगों ने कहा कि जीरकपुर में ट्रैफिक जाम लगना अब राेज की बात हो चुकी है। अब सभी लोग इससे तंग आ चुके हैं। निकाय मंत्री को इस तरफ ध्यान देना चाहिए, ताकि लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई पुख्ता हल निकाला जा सके। अगर इसका जल्द कोई हल न निकाला गया तो स्थिति इसी तरह बिगड़ती रहेगी। लोग यहां राेजाना लंबे ट्रैफिक जाम में फंसते रहेंगे। नगर परिषद और पुलिस को चाहिए कि वह लोगों की समस्या पर ध्यान दें।
ड्रंकन ड्राइव के नाके पर थी पुलिस: ट्रैफिक इंचार्ज
जीरकपुर के ट्रैफिक इंचार्ज मनफूल सिंह का कहना है कि उन्होंने कर्मचारियों के साथ हाईवे पर ड्रंकन ड्राइव का नाका लगा रखा था। ऐसे में यहां जाम के बारे में पता नहीं चला। अब रोज यहां ट्रैफिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, तो देररात तक यहीं रहेंगे और ट्रैफिक कंट्राेल करेंगे।
हाउस में पार्किंग को लेकर रखेंगे प्रस्ताव: एनके शर्मा: विधायक एनके शर्मा ने कहा कि पार्किंग की जगह लोगों ने यहां दुकानें बना ली हैं। एमसी के अफसर इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। एमसी की हाउस मीटिंग में प्रस्ताव रखा जाएगा कि जिसके पास पार्किंग की जगह न हो, उसकी दुकान का नक्शा पास न किया जाए।