पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ़्तारी पर वामपंथी दलों और जेडी(यू) के नेताओं ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है.
सीपीएम के महासचिव सीताराम यचूरी ने कहा, \'\'हमने गृह मंत्री से मुलाक़ात की और बताया कि इस घटना के बाद जेएनयू में तनाव का माहौल है. दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में 20 छात्रों की सूची जारी की है जिसमें डी राजा की बेटी का नाम भी है, हम ये पूछ रहे है कि क्या वीडियो में नारे लगाते हुए वो दिख रहे हैं?\'\'
जेएनयू में छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार को देश द्रोह के मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया था.
पिछले दिनों विश्वविद्यालय परिसर में संसद हमले के दोषी अफ़जल गुरु की बरसी पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
आरोप है कि इस कार्यक्रम में भारत विरोधी नारे लगाए गए थे. पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद महेश गिरी की शिकायत पर पुलिस ने कई लोगों के ख़िलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया था.
सीपीएम नेता सीताराम ने कहा ये छात्र वहां मौजूद थे क्योंकि ये छात्र संघ या समूह के सदस्य हैं लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि वे इस तरह की कार्रवाई में लिप्त थे.
वामदलों के नेताओं के अलावा गृहमंत्री से मुलाकात करने गए जेडी(यू) के प्रवक्ता केसी त्यागी ने आरोप लगाया, \'\'नए उप कुलपति सरकार के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं और उन्होंने पुलिस को कार्रवाई करने दी. ऐसा सभी यूनिवर्सिटी में हो रहा है. कुलपतियों को हटा कर सरकार ऐसे लोगों को नियुक्त कर रही है जो उनके निर्देशों पर काम कर रहे हैं.\'\'
जेडी(यू)के नेता केसी त्यागी का कहना है कि जिस तरह से सभी छात्रों को राष्ट्र विरोधी बताया जा रहा है ये बहुत गंभीर समस्या है, हमने ये सभी मुद्दे राजनाथ सिंह के सामने उठाए हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है, \'\'मोदीजी पुलिस का इस्तेमाल कर सभी को आतंकित करना चाहते है.\'\'
दिल्ली पुलिस के कमीश्नर बीएस बस्सी ने केजरीवाल के ट्विट का जवाब देते हुए कहा है कि दिल्ली पुलिस क़ानून के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी तरह की दुर्भावना में शामिल नहीं होती. किसी निर्दोष के साथ गलत नहीं होगा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.