पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरायपुर. रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने का मामला मंडल कार्यालय में सोमवार को फूटा। यह काम करने वाला कोई और नहीं रेलवे में ही नौकरी करने वाला एक लोको पायलट है। इस फर्जीवाड़े का मामला उस समय सामने आया, जब लोको पायलट युवकों को नियुक्ति पत्र बांट रहा था। इसी दौरान पैसे के लेनदेन पर कुछ युवाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। खमतराई थाने में मामला दर्ज किया गया है।
हंगामा सुनकर डीआरएम और आरपीएफ के लोगों ने जानकारी ली, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। जानकारी के मुताबिक भिलाई के लोको पायलट ने 4 युवकों को रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। युवकों से बकायदा 2-2 लाख रुपए की वसूली भी की थी। डील के मुताबिक लोको पायलट ने सभी को नियुक्ति पत्र के लिए डीआरएम दफ्तर बुलाया था। उसने सभी के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र भी बनवा लिया था। बताया गया है कि आरोपी जीजी राजेश और युवाओं के परिजनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हो गया। डीआरएम कार्यालय में ही हंगामा होते देख अधिकारी वहां पहुंच गए। इसके बाद नौकरी के नाम पर ठगी का मामला खुला।
बता दें कि आरोपी डीआरएम ऑफिस के अंदर आना-जाना करता रहा और युवकों से वहीं डील भी करता रहा। इस दौरान उसने रेलवे के अधिकारियों के नाम से फर्जी लेटर तैयार कर लिया था, जिसकी भनक किसी को नहीं लगी। यदि दोनों पक्ष के बीच झगड़ा नहीं होता तो इस ठगी का खुलासा नहीं हो पाता। आरोपी के साथ ही युवकों एवं उनके परिजनों से पूछताछ के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो सकेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.