पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. रायसेन रोड स्थित सुरजीत शो रूम के पास सफेद बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोलपंप कर्मचारी पर जानलेवा हमला कर 2.39 लाख रुपए लूट लिए। शुक्रवार सुबह हुई इस वारदात के वक्त कर्मचारी सहकर्मी के साथ रकम बैंक में जमा कराने जा रहा था। अशोका गार्डन पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मारपीट और लूट का केस दर्ज कर लिया है।
शाहपुरा निवासी प्रदीप भदौरिया का पुल बोगदा के पास पेट्रोल पंप है। पंप पर मैनेजर हरप्रसाद पाल रोजाना का कलेक्शन जमा करने बैंक जाते हैं। रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हरप्रसाद अपने सुपरवाइजर बंटी शर्मा के साथ रकम लेकर बैंक की ओर रवाना हुए। बैग में गुरुवार दोपहर दो बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे तक के कलेक्शन के 2 लाख 39 हजार 300 रुपए थे। बाइक हरप्रसाद चला रहे थे, जबकि बैग लेकर बंटी पीछे सवार थे। दोनों रायसेन रोड स्थित सुरजीत शोरूम के सामने पहुंचे। तभी सफेद रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास आए।
चलती बाइक पर बदमाशों ने सिर पर मारा डंडा
हरप्रसाद के मुताबिक तीनों में से एक ने बाइक पर डंडा मार दिया। बाइक लड़खड़ाई तो मैंने रफ्तार धीमी कर दी, लेकिन रोकी नहीं। मैं आगे बढ़ता तब तक चलती बाइक पर ही बदमाशों ने मेरे सिर पर डंडा मार दिया। बाइक समेत हम दोनों सड़क पर गिर गए। बदमाशों ने चाकू निकालकर हवा में लहराया। बंटी के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीना और जेके रोड की ओर फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरे में पुलिस खंगाल रही हुलिया
बदमाशों की करतूत चौराहों पर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस फिलहाल फुटेज खंगाल रही है। बताया गया है कि नकाबपोश बदमाश सफेद रंग की अपाचे बाइक से आए थे। पुलिस का अंदाजा है कि बदमाशों ने वारदात के लिए बाकायदा रैकी की होगी।
पड़ोसी बाेले... हमें लगा कि मारपीट हो रही है
घटनास्थल के पास एक गैराज में काम करने वाले युवक ने बताया कि हमें तो पता ही नहीं चला कि लूट हो गई है। लगा कि किसी पुराने विवाद को लेकर दो लोग आपस में लड़ रहे हैं। उनके हाथों में डंडे और चाकू थे, इसलिए कोई बीच-बचाव के लिए भी आगे नहीं आया। उनके फरार होने के बाद लोग हरप्रसाद के पास पहुंचे तो पता चला कि रकम लूटकर ले गए हैं। आरोपियों के भागने पर हरप्रसाद लूट-लूट चिल्लाने लगा। इसके बाद लोग वहां पहुंचे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.