पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार के अल्पमत होने के कारण गिरने के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी में उत्साह का माहौल रहा। कांग्रेसियों ने पटाखे फोड़कर इसे लोकतंत्र की जीत बताया और मिठाइयां बांटी। इधर, कर्नाटक से आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुआ रथ भोपाल पहुंचा, जिसका उपयोग मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में होगा।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार का अल्पमत के कारण गिरना लोकतंत्र की जीत है और फासीवाद की हार है। नाथ ने कहा कि भाजपा को परिणाम के बाद स्वयं सोचना था कि जब उसे केवल 36 प्रतिशत वोट ही हासिल हुए हैं और कांग्रेस तथा जनता दल एस को मिलाकर 57 प्रतिशत वोट मिले हैं तो काहे का जनादेश। जनादेश तो तब कहलाता जब पूर्ण बहुमत मिलता। लेकिन भाजपा जनता को भ्रम में रखकर लगातार अपने आपको ही धोखा देती रही। इसका अंत आखिरकार सरकार गिरकर ही हुआ। नाथ ने कहा कि कर्नाटक के राज्यपाल ने जो निर्णय लिया, उससे जनता के बीच ठीक मैसेज नहीं गया। वे पद की गरिमा को भूलकर पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के निर्देशों को मान रहे थे।
शिवराज सरकार पर भी किया हमला
नाथ ने प्रदेश सरकार पर भी प्रहार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 14-15 सालों में तो कुछ किया नहीं, अब लगातार घोषणाएं करते जा रहे हैं, जो समाज के हर वर्ग को ठगने वाली हैं। अब तक किसी भी विभाग ने उनकी किसी भी घोषणा पर मंजूरी के औपचारिक आदेश जारी नहीं किए। नाथ ने कहा कि वे चुनाव आयोग से मांग करेंगे कि चुनाव के पहले इस तरह की घोषणाएं करना अपरोक्ष रूप से आचार संहिता का उल्लंघन माना जाए।
भावांतर योजना किसानों के साथ छलावा
कमलनाथ ने राज्य सरकार की भावांतर योजना पर भी सवालिया निशान लगाया है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित हो रही है। किसान परेशान हो रहा है और शिवराज सरकार विकास यात्राओं में लगी है। भावांतर योजना से भाजपा सरकार सिर्फ व्यापारियों को फायदा पहुंचा रही है। इस भीषण गर्मी में किसान अपना चना और गेहूं बेचने के लिए मंडियों के बाहर लाइन लगाकर तुलाई के लिए खड़ा है। लेकिन तीन से चार दिन तक उसका नंबर नहीं आ रहा है। अभी हाल ही में विदिशा के लटेरी तहसील में गर्मी के कारण एक किसान की जान भी चली गई।
मीडिया पैनलिस्ट और प्रवक्ताओं का प्रशिक्षण आज
प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ रविवार को नव-नियुक्त प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट के साथ-साथ जिला प्रवक्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार सुबह शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम को प्रवक्ता पवन खेड़ा समेत अन्य वक्ता भी संबोधित करेंगे।
केंद्र सरकार कर रही संघीय प्रणाली का उल्लंघन : अजय सिंह
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश के आठ अति पिछड़े जिलों में निगरानी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा केंद्रीय मंत्री और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को जवाबदेही सौंपने को संघीय प्रणाली व्यवस्था का उल्लंघन बताया है। सिंह ने कहा कि सीएम शिवराज सिंह चौहान इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराए और आवश्यकता पड़े तो लोकतांत्रिक तरीके से किए जाने वाले विरोध में वे उनका साथ देंगे। सिंह ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि यह प्रदेश सरकार के लिए शर्मनाक है कि केंद्र का राज्य सरकार पर कोई विश्वास नहीं है। यह प्रदेश की अस्मिता का भी सवाल है और संविधान द्वारा राज्यों को जो विशेषाधिकार मिले हैं, उनका उल्लंघन है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.