पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें- सतना पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटना स्थल से बीफ (गोवंश का मांस) मिला है
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि गोरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेना गलत
भोपाल. मध्य प्रदेश के सतना में गोकशी के शक में भीड़ ने दो लोगों की बुरी तरह पिटाई की। वारदात में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरी ओर, पुलिस को मौके से गोवंश के अवशेष मिले हैं। रीवा के आईजी उमेश जोगा ने बताया कि मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तारी हुई है। इलाके में कानून व्यवस्था को देखते हुए 400 जवानों को तैनात किया है। घटना ऐसे वक्त सामने आई, जब गृह मंत्री राजनाथ सिंह सतना दौरे पर हैं।
भीड़ ने लाठी-डंडों से हमला किया
- न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सतना के एसपी राजेश हिंगेरकर ने बताया कि आरोपियों को शुक्रवार रात खबर मिली थी कि कुछ लोग अंजर गांव में गोकशी को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद भीड़ ने मोहम्मद सिराज (45) और उसके दोस्त शकील (35) पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई। इस दौरान सिराज की मौत हो गई, वहीं शकील को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस को मौके से बीफ मिला
- एडीओपी (मैहर) अरविंद तिवारी ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने मौके पर बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान वहां से बीफ (गोवंश का मांस) मिला। इसके अलावा बैल के शरीर के अवशेष भी मिले।
- पुलिस ने जख्मी शख्स को इलाज के लिए जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में 4 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, इनके नाम पवन सिंह, विजय सिंह, फूल सिंह और नारायण सिंह हैं।
गोरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेना गलत
- प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि गोरक्षा के नाम पर कानून हाथ में लेना गलत है। सतना में हुई घटना दुखद है। हमें गायों की रक्षा करनी चाहिए, लेेकिन इसके नाम पर हिंसा को सही नहीं ठहराया जा सकता।
- बता दें कि मध्य प्रदेश में गोकशी पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। गुजरात में गोहत्या के खिलाफ देश का सबसे सख्त कानून है। ये देश का पहला राज्य है, जहां गोहत्या पर उम्रकैद की सजा का प्रावधान है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.