पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

3 महीने पहले ही हुई थी शादी; पत्नी है गर्भवती, इमानदारी नहीं आई रास तो कर दी चाकू गोद कर हत्या

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नई दिल्ली. हफ्ता वसूली का विरोध करने पर चिकन कॉर्नर संचालक शहाबुद्दीन की शुक्रवार देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने बीच सड़क पर करीब 7 बार युवक को चाकू मारा और फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या पुलिस की लापरवाही का नतीजा है क्योंकि ये चारों आरोपी युवक के चिकन कार्नर पर अक्सर चिकन खाते थे और बिल मांगने पर झगड़ा करते थे। साथ ही रंगदारी भी मांगते थे। युवक ने इस मामले की शिकायत 13 मई को पुलिस से की थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने 18 मई की रात युवक की हत्या कर दी। ये था पूरा मामला...

 

शहाबुद्दीन के दोस्तों की मानें तो जब से शहाबुद्दीन ने दुकान खोली है तब से इलाके में रहने वाले सुनील और उसके दोस्त उसे परेशान कर रहे थे। शहाबुद्दीन की दुकान पर ये लोग चिकन खाने आते थे और पैसे मांगने पर पिटाई करते थे। 13 मई को शहाबुद्दीन का इन लोगों के साथ 2 हजार रुपए मांगने पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस को हफ्ता वसूली की शिकायत दी गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेने के बजाए दोनों पक्षों में समझौता कराते हुए पीड़ित शहाबुद्दीन से कहा कि ये लोग आपके पास नहीं आएंगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही की वजह से शहाबुद्दीन को जान गंवानी पड़ी।

 

वारदात-1, चिकन कॉर्नर बंद कर दोस्त की दुकान पर जा रहा था, तभी हमला किया

 

पुलिस के अनुसार मृतक शहाबुद्दीन परिवार के साथ अजीत नगर के गली नंबर पांच में रहता था। शहाबुद्दीन इलाके में ही चिकन कॉर्नर की दुकान चलाता था। शुक्रवार देर रात 11 बजे शहाबुद्दीन अपनी चिकन कॉर्नर को बंद करने के बाद अपने दोस्त की दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान उसका पीछा कर रहे चार बदमाशों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला करने लगे। शहाबुद्दीन की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग और उसका दोस्त मौके पर पहुंच गया। भीड़ जमा होते देख बदमाश मौके से फरार हो गए। शहाबुद्दीन का दोस्त उसे लेकर हेडगेवार आरोग्य संस्थान अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को वारदात की जानकारी दी।़

 

3 महीने पहले ही हुई थी शादी, पत्नी गर्भवती 

 

मृतक शहाबुद्दीन की शादी तीन महीने पहले ही तबशसुम से हुई थी। तबशसुम का परिवार भी बिहार किशनगंज का रहने वाला है। मगर फिलहाल खोड़ा कॉलोनी में रह रहा है। वारदात के समय भी तबशसुम खोड़ा स्थित अपने भाई के घर गई थी। तबशसुम गर्भवती है और फिलहाल उसे उसकी ससुराल किशनगंज भेज दिया गया है।

 

अब पुलिस कह रही है...4 पर एफआईआर दर्ज कर ली   


पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसार ने बताया कि दो नामजद समेत चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नामजद आरोपियों का नाम सुनिल पंडित और मोहित है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से अन्य आरोपियों के पहचान की कोशिश कर रही है।

 

वारदात-2, बदमाश बोले-हफ्ता क्यों नहीं दे रहे, मोहल्ले में नहीं रहना क्या और पत्नी के सामने मार डाला

 

 

हफ्ता देने से मना करने पर बदमाशों ने युवक काे घर से बाहर बुलाकर चॉपर और चाकुओं से गोदकर मार डाला। युवक के पेट, सीने और गर्दन पर 12 वार किए। उसे बचाने आए दूसरे युवक को भी बदमाशों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। खून से लथपथ दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर बनी है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय शंक्की के रूप में हुई है, वहीं घायल का नाम राजेंद्र है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

 

दो साल से चोरी छोड़कर फैक्ट्री में काम करके परिवार चला रहा था


पुलिस के मुताबिक शंक्की मोतिया खान, सदर बाजार में रहता था। परिवार में पत्नी पूजा और दो छोटे बच्चे हैं। शंक्की पहले छोटी-छोटी चोरियां करता था लेकिन पिछले दो साल से चोरी छोड़कर एक फैक्ट्री में काम करके अपना परिवार पाल रहा था। वहीं, पत्नी घर पर अपना बुटीक का काम करती है। पत्नी पूजा ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे विकास उर्फ बच्चा नामक युवक अपने चार साथियों सुरजीत उर्फ बच्चा, अज्जू, रंगलाल व अजय के साथ उसके घर आया। पूजा ने गेट खोला। उन्होंने पूछा- शंक्की कहां है, कुछ जरूरी काम है। पूजा ने कहा- क्या काम है, मुझे बता दो। इतने में शंक्की आ गया और वह उनके साथ घर से बाहर चला गया। पूजा ने शंक्की को उनके साथ जाने से मना किया लेकिन बदमाश उसे जरूरी बात कहकर घर से कुछ दूरी पर मंदिर के पास ले गए। पूजा भी उसके पीछे-पीछे चली गई।

 

पत्नी चिल्लाई तो बैट्री चार्ज कर रहा राजेंद्र बचाने आया
 

बदमाश शंक्की को मंदिर के पास ले जाकर बोले कि हफ्ता क्यों नहीं दे रहे, इस मोहल्ले में रहना नहीं है क्या। शंक्की के मना करने पर अजय, रंगलाल व अज्जू ने शंक्की को पकड़ लिया और विकास ने चाकू और सुरजीत ने चाॅपर से गोद डाला। यह देख पत्नी ने शोर मचाया तो वहीं पास में ई-रिक्शा की बैट्री चार्ज कर रहे राजेंद्र ने उसे बचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया। इतने में वहां भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर बदमाश चाकू और चाॅपर छोड़कर मौके से फरार हो गए। भीड़ में से ही किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। खून से लथपथ दोनों काे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शंक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।  पुलिस ने मौके से चॉपर व चाकू बरामद कर लिए है।