पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

20 परीक्षाएं, 1 साल तक लेट; 45 हजार छात्र प्रतियोगी परीक्षा नहीं दे पाएंगे, छूटेगा प्लेसमेंट

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर.    देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी की कई अहम परीक्षाओं का शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया है। माह में औसत 15 मामले परीक्षाओं की लेटलतीफी के आ रहे हैं। देरी की वजह से कई छात्रों की नौकरी हाथ से निकल जाएगी तो कइयों काे विदेश में पढ़ाई के लिए एडमिशन नहीं मिल पा रहा है। 20 से ज्यादा परीक्षाएं ऐसी हैं, जो छह महीने से एक साल की देरी से चल रही हैं। लगातार शिकायतों के बाद बीती 30 मार्च को प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल को भी यूनिवर्सिटी से कहना पड़ा कि अगले सत्र का पूरा शेड्यूल एडवांस में चाहिए। मामले में भास्कर ने पड़ताल की कि कितनी परीक्षाएं लेट चल रही हैं और यूनिवर्सिटी प्रबंधन क्यों शेड्यूल पटरी पर नहीं ला पा रहा।
 

पहले 80% परीक्षाएं लेट होती थीं लेकिन अब सिर्फ 30% : कुलपति
कुलपति नरेंद्र धाकड़ का कहना है कि मैं दो साल पहले आया, तब यूनिवर्सिटी की 80 फीसदी परीक्षाएं लेट चल रही थीं। अब मुश्किल से 30 फीसदी परीक्षाएं लेट हैं। 25 दिन तक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण भी शेड्यूल बिगड़ा है। पूरे सिस्टम को पटरी पर ले आएंगे। 

 

सीबीएससी के पेपर लीक मामले से स्कूली छात्र मुश्किल में
- आईपीएम और क्लेट एक्जाम पर नहीं दे पा रहे ध्यान : सीबीएसई 12वीं का अर्थशास्त्र का पेपर 25 अप्रैल को दोबारा होगा। अगले माह लॉ और मैनेजमेंट की कई प्रतियोगी परीक्षाएं होनी हैं। इनमें क्लेट, आईआईएम इंदौर की आईपीएम, दिल्ली लॉ यूनिवर्सिटी, यू गेट, नरसीमूंजी की परीक्षाएं भी शामिल हैं। तैयारी के लिए समय कम मिलेगा। 
- सीईटी भी टकरा रही : आईआईएम के आईपीएम कोर्स में एडमिशन की तैयारी कर रहे मनन गांधी के अनुसार परीक्षा दोबारा होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी असर पड़ रहा है। लॉ की तैयारी कर रही सुजाता पोरवाल बताती हैं महाराष्ट्र सीईटी के साथ क्लेट और क्राइस्ट यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं दे रही हूं। इकोनॉमिक्स के पेपर के कारण तैयारी प्रभावित हो रही है।

 

राज्यपाल की हिदायत बनाम डीएवीवी का ढर्रा

 

एलएलबी : हर सेमेस्टर की परीक्षा 5 से 6 माह तक लेट

1. एलएलबी थर्ड सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने जुलाई 2016 में प्रवेश लिया था। चौथे सेमेस्टर की परीक्षा हर हाल में अप्रैल में होना थी, लेकिन तीसरे सेमेस्टर की भी नहीं हो पाई है। फर्स्ट सेमेस्टर की जो परीक्षा दिसंबर में होना थी, वह भी नहीं हुई। तीसरे और पांचवें सेमेस्टर का भी यही हाल है। बीए एलएलबी का नौवां सेमेस्टर पांच माह देरी चल रहा है। 

 

बीएचएमएस : डिग्री हो जाना थी तीसरे साल की परीक्षा भी नहीं हुई

 

2. बीएचएमएस छात्रों ने 2014 में एडमिशन लिया था। साढ़े चार साल में कोर्स पूरा होना था। इस साल सितंबर में यह अवधि पूरी हो जाएगी, लेकिन तीसरे वर्ष की परीक्षा भी नहीं हुई। यह पिछले साल अगस्त में होना थी। उसी वर्ष मार्च में अंतिम वर्ष की परीक्षा भी हो जाना चाहिए थी, लेकिन अब तीसरे वर्ष की परीक्षा हो रही।

 

बीबीए : नए सत्र में एमबीए में एडमिशन ही नहीं हो पाएगा

 

3. बीबीए और बीपीटी कोर्स की परीक्षाएं छह माह लेट हो गई हैं। थर्ड ईयर की जाे परीक्षा पिछले साल अगस्त-सितंबर में होना थी, वह इसी माह होगी। बीबीए के छात्र उलझन में हैं, क्योंकि छठे सेमेस्टर की परीक्षा भी लेट है। छात्रों के सामने परेशानी यह है कि वह एमबीएम में एडमिशन कैसे ले पाएंगे? क्योंकि जून में ही एडमिशन प्रक्रिया हो जाएगी।

 

बीसीए : इस तरह तो चार साल में कोर्स ही पूरा नहीं हो पाएगा

4. परीक्षाओं की लेटलतीफी का आलम यह है कि पिछले साल जुलाई में एडमिशन लेने वाले बीबीए-बीसीए की पहले सेमेस्टर तक की परीक्षा भी नहीं हो सकी है। जबकि यह पिछले साल दिसंबर में परीक्षा हो जाना थी। कैसे 4 साल में डिग्री पूरी होगी। 

 

एमएड-बीएड : संविदा शिक्षकों की भर्ती में नहीं ले पाएंगे भाग

 

5. बीएड-एमएड का शेड्यूल भी लेट चल रहा है। एमएड की परीक्षा तो डेढ़ साल लेट चल रही है। 2016 में प्रवेश लेने वाले छात्रों की पहले वर्ष की परीक्षा नहीं हो पाई है, जबकि यह पिछले साल मार्च में ही हो जाना थी। ऐसा ही हाल बीएड का है। 

 

5वां सेमेस्टर नहीं हुआ तो छठा कब होगा, एडमिशन अटकेगा

 

6. एलएलबी पांचवें सेमेस्टर के छात्र प्रकाश खरे का कहना है कि इस साल जुलाई एलएलएम में एडमिशन से चूक जाऊंगा, क्योंकि एलएलबी पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा ही नहीं हो पाई है। छठे सेमेस्टर की परीक्षा भी लेट है।  

 

परीक्षा समय पर नहीं होने से करियर हो रहा है बर्बाद

 

7. बीएचएमएस की छात्रा रागिनी का कहना है कि यूनिवर्सिटी के कारण दो साल से परेशान हो रहे हैं। यूनिवर्सिटी तो पिछले तीन माह से परीक्षा को लेकर झूठ बाेल रही है। एक भी परीक्षा समय पर नहीं होती। हमारा करियर ही दांव पर लग गया। 

 

पहला सेमेस्टर ही 4 माह लेट है तो डिग्री कितने साल में पूरी होगी

 

8. बीबीए छात्र अक्षय गौतम का कहना है कि पिछले साल जुलाई में प्रवेश लिया। पहले कहा कि सेमेस्टर सिस्टम खत्म हो गया है, फिर तीन माह बाद कहा कि सेमेस्टर ही रहेगा। शुरुआत में पहला सेमेस्टर ही चार माह लेट हो गया तो आगे क्या होगा।

 

एडमिशन लेकर फंस गए, अब तक हमारी नौकरी लग जाती

 

9. एमएड की छात्रा श्रुति पांडे का कहना है कि एडमिशन लेकर ही फंस गए हैं। अब तक तो नौकरी लग जाना थी, लेकिन अभी तक परीक्षा भी नहीं हुई। ऐसे में इस साल जुलाई में भी स्कूल में शिक्षिका के तौर पर जॉब नहीं मिल पाएगी। 

 

30 मार्च को देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कहा, "30 मार्च को देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में। “यूनिवर्सिटी अब एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार ही चलेगी। सत्र से पहले ही बताना होगा कि किस कोर्स की परीक्षा कौन से माह की किस तारीख से शुरू हाेगी। किस दिन रिजल्ट आएंगे।”

 

खबरें और भी हैं...