- Hindi News
- National
- Hamirpur News Many Migrants From Outside States Are Trying To Spoil The Atmosphere With Wrong Antics
गलत हरकतों से माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं बाहरी राज्यों से आए कई प्रवासी
बिलासपुर | विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने बिलासपुर जिला में हिंदू बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों पर गहरी चिंता जताई है। इन संगठनों का कहना है कि बाहरी राज्यों के कई प्रवासी इस तरह की हरकतों को अंजाम देकर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। उन्हांेने ऐसे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने की मांग की है। साथ ही उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की वकालत की है, जिनके पास प्रवासी बगैर पंजीकरण करवाए ठहर रहे हैं। इन मांगों को लेकर एडवोकेट तुषार डोगरा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी दिवाकर शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
तुषार ने कहा कि देवभूमि के नाम से पहचाने जाने वाले हिमाचल में कुछ प्रवासियों की गतिविधियां माहौल बिगाड़ने का काम कर रही हैं। लव जेहाद के साथ ही हिंदू परिवारों की बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले कुछ अरसे के दौरान घुमारवीं क्षेत्र से कई हिंदू बेटियों का अपहरण किया गया। उनका आज तक कुछ पता नहीं चल पाया है। कुछ समय पहले घुमारवीं में ही प्रवासियों ने एक हिंदू सब्जी विक्रेता के साथ मारपीट की। ताजा घटनाक्रम में घुमारवीं क्षेत्र में ही हिंदू परिवार की नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ की गई। हिंदू संगठनों द्वारा आवाज उठाने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इस मामले का आरोपी भी दूसरे समुदाय का है। डोगरा ने कहा कि आपराधिक वारदातों में संलिप्त बाहरी राज्यों के प्रवासियों के हौसले इस वजह से बुलंद हैं क्योंकि उन्हें कुछ स्थानीय असामाजिक तत्वों की शह मिल रही है। ऐसा करके वे यहां भी दिल्ली और पश्चिम बंगाल जैसे हालात पैदा करने की फिराक में हैं।