- Hindi News
- National
- Panchkula News Many Organizations Of Panchkula Came To Protest Against Paid Parking In Sectors
सेक्टरों में पेड पार्किंग के विरोध में आए पंचकूला के कई संगठन
पंचकूला विकास मंच से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शहर के तीन सेक्टरों में शुरू की गई पेड पार्किंग के खिलाफ डिप्टी कमिश्नर मुकेश कुमार आहुजा को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में पेड पार्किंग को तुरन्त खत्म करने की मांग की गई। इस संबंध में डीसी के अलावा डायरेक्टर अर्बन लोकल बॉडिज ऑफिस और पंचकूला नगर निगम के कमिश्नर को भी ज्ञापन सौंपा गया है। इस ज्ञापन की कॉपी प्रधानमंत्री, हरियाणा के गवर्नर, मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी, अर्बन लोकल बॉडिज डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, यूएलबी के डायरेक्टर, हरियाणा विधानसभा के स्पीकर और पंचकूला के विधायक को भी भेजी गई है।
पंचकूला एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से करीब एक माह पहले सेक्टर-8, 9 और 10 की मार्केटों में पेड पार्किंग की शुरूआत की थी। डीसी को अपेक्षा वेलफेयर सोसाइटी, लोक सर्व हितकारी सोसाइटी, ह्यूमन राइट्स ऑर्गेनाइजेशन, ज्वाइंट एक्शन कमेटी, प्रदेश व्यापार मंडल युवा, एनएसजी ग्रुप ने संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपा। ये सभी संगठन पिछले एक माह से पेड पार्किंग के खिलाफ मुहिम छेड़े हुए हैं। इन लोगों की ओर से पेड पार्किंग हटाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इस हस्ताक्षर अभियान के दौरान करीब 550 लोगों के साइन कराए गए थे। विकास मंच की ओर से डीसी को ज्ञापन के साथ लोगों की ओर से किए गए हस्ताक्षर की कॉपियां भी सौंपी गई। लोक सर्वहितकारी सोसायटी के राकेश अग्रवाल का कहना है कि पेड पार्किंग लगने के बाद सेक्टर 8-9-10 के दुकानदारों को घाटा हो रहा हैं क्योंकि मार्केट में शॉपिंग करने के लिए आने वाले कस्टमर्स की तादाद काफी कम हो गई है।
विकास मंच के सदस्यों ने कहा कि दुकानदारों व व्यापारी पहले ही बाजार में मंदी के दौर से परेशान हैं। अब पेड पार्किंग शुरू कर उनका धंधा चौपट कर दिया गया है। पंचकूला शहर की आबादी अभी सिर्फ 2 लाख के करीब है। शहर के ज्यादातर लोग ब्रांडेड व अन्य सामान आज भी चंडीगढ़ से लाते हैं। दूसरा पंचकूला शहर मे एक सेक्टर से दूसरे सेक्टरों मे जाने के लिए प्रॉपर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम भी नहीं है। लोगों को अपनी गाड़ियों में ही आना जाना पड़ता है। उनका कहना है कि पेड पार्किंग थोपने का काम सरासर गलत है। राकेश अग्रवाल का कहना है कि एक तरफ तो नगर निगम पंचकूला का सारा खज़ाना ही खाली कर दिया गया है।
सभी फिक्सड डिपोजिट खत्म कर दिए गए। पंचकूला की जनता को मिली टूटी सड़कें, दो लोहे के गेट और टूटे मेनहोल। अब रेडक्राॅस सोसायटी और चाइल्ड वेल्फेयर को पार्किंग देकर लोगों की जेबों से पैसा निकलवाया जा रहा है। यह सब सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है। ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में राकेश अग्रवाल, देव राज शर्मा, सीमा भारद्वाज, नरिन्दर सिंह, कुलदीप सिंह, सुनील वशिष्ठ, कृष्ण गोयल, महेश सचदेवा, बिट्टू सदाना और एनएन पुरी शामिल रहे।
डीसी मुकेश कुमार आहुजा को ज्ञापन देने जाते संस्थाओं के प्रतिनिधि।