पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंनकुलनार/बचेली/ दंतेवाड़ा. शुक्रवार को नक्सलियों ने भांसी में 2 अलग-अलग स्थानों में घंटे भर के अंदर जमकर उत्पात मचाया। यहां न केवल निर्माण कार्यों में लगे 7 वाहनों को आग के हवाले किया, बल्कि वार्ड पंच जयदेव नाग की भी पत्थर से कुचलकर व पीट पीटकर हत्या कर दी।
3 घंटे बाद तक नहीं पहुंची पुलिस
यहां काम में लगे मिस्त्री व मजदूरों को भी नक्सलियों ने पीटा व मोबाइल छीन लिया। पूरी घटना सुबह 8 से 9 बजे के बीच की है। घटनास्थल पर मौजूद पीड़ित मजदूरों की मानें तो करीब 15 की संख्या में वर्दीधारी हथियारबंद नक्सली पहुंचे थे। पूरी घटना भांसी थाना क्षेत्र से महज़ 3 किलोमीटर की दूरी पर हुई। घटना के 3 घंटे तक भांसी थाना से पुलिस की टीम नहीं पहुंची थी। 12 बजे एसपी कमलोचन कश्यप घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
50 मजदूर लगे थे काम पर, उन्हें पीटा भी, नक्सलियों में एक महिला भी शामिल थी: नक्सलियों ने ग्राम पंचायत भांसी मासा पारा में बन रही 300 मीटर सीसी सड़क निर्माण में लगी दो टिप्पर, दो ट्रैक्टर सहित दो मोटरसाइकिलों को आग के हवाले कर दिया । टिप्पर वाहन बचेली के नरेंद्र सोनी की है, जबकि ट्रैक्टर ग्राम पंचायत का है जो जिला प्रशासन द्वारा पंचायत को दिया गया था , एक बाइक पंचायत सचिव की है दूसरी बाइक अशीम खान की बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत में बन रही सीसी सड़क के निर्माण में लगे वाहनों में जिस समय अागजनी की गई थी, उस समय यहां पर 50 मजदूर काम में लगे हुए थे। मजदूरों ने बताया कि नक्सली वर्दी में पहुचे थे, जिनमें महिला नक्सली भी शामिल थी। काम में लगे 4 मजदूरों के साथ नक्सलियों ने मारपीट की । वहीं भांसी के ही ठोठापारा में भी नक्सलियों ने प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में लगी मिक्चर मशीनों को आग लगा दी।
एनकाउंटर में नक्सली ढेर, घायल साथियों को ले भागे
सुकमा में पड़ोसी राज्य ओडिशा और आंध्रप्रदेश की सरहद पर गुरुवार सुबह मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में आंध्र की ग्रे-हाउंड्स व ओडिशा की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) फोर्स ने संयुक्त ऑपरेशन में नक्सलियों का अस्थायी कैंप धवस्त कर एक नक्सली हो मार गिराया। मारे गए नक्सली का शव, एसएलआर व थ्री नॉट थ्री राइफल समेत अन्य नक्सली सामाग्री जवानों ने मौके से बरामद किया है। शुक्रवार दोपहर मारे गए नक्सली का शव व बरामद हथियार मलकानगिरी लाया गया। बताया गया कि एनकाउंटर में बड़ी संख्या में नक्सलियों को गोली लगी है। अपने घायल साथियों को लेकर नक्सली मौके से भागने में कामयाब रहे। इधर जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के तुमीरपाड़ के जंगलों में शनिवार दोपहर करीब दो घंटे चली मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने का दावा पुलिस ने किया है।
एसपी अभिषेक मीणा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि किस्टाराम से शुक्रवार की अलसुबह डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन के जवानों की अलग-अलग टुकड़ी सर्चिंग के लिए रवाना की गई थी। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तुमीरपाड़ के जंगलों में माओवादियों के मिलिट्री बटालियन नम्बर वन की एक कंपनी के साथ जवानों की भीषण मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ दोपहर एक बजे से तीन बजे तक लगभग दो घंटे तक चली।
कंटेंट/फोटो : अंबु शर्मा
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.