महीनों से लटके पड़े हैं नक्शे, नहीं हो रहे पास
जीरकपुर शहर में पिछले कई महीनों से अफसरों की बदलियां होने से नक्शे पास नहीं हो रहे हैं। खासकर ऑनलाइन नक्शे जब से शुरू हुए हैं, तब से पब्लिक के लिए जीरकपर एमसी में नक्शे पास करवाना सबसे बड़ा चैलेंज बना हुआ है। न तो अफसर सीट पर बैठते हैं और न ही नक्शे समय पर पास हो रहे हैं। कई नक्शे यहां चार-चार महीने से पड़े हुए हैं। इस बात की शिकायत बलटाना प्रॉपर्टी डीलर एसोसिएशन के प्रधान गुलशन अरोड़ा ने एससी के ईओ मनवीर सिंह से मीटिंग करके की। उन्होंने गिल से कहा कि पब्लिक नक्शे पास न होने से बहुत परेशान है।
लोगों ने मकान बनाने, दुकान बनाने के लिए बैंकों में लोन एप्लाई कर रखे हैं। दूसरी ओर इसका असर उन लोगों पर पड़ रहा है जिन्होंने किराए के मकानों से अपने घरों में शिफ्ट होना है लेकिन नक्शे पास न होने से वे अपने मकान नहीं बना पा रहे हैं। इसलिए कई महीनों से सैकड़ों नक्शे जीरकपुर एमसी में पास होने के लिए भेजे गए लेकिन एमसी में चल रही उठापटक और अफसरों की बदली की वजह से इसका खामियाजा पब्लिक को भुगतना पड़ रहा है। गिल ने कहा कि जल्दी ही नक्शों को लेकर शिकायत काे दूर किया जाएगा।