पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. केबल स्टे ब्रिज के पास नारियल पानी का ठेला लगाने वाले विकास मालवीय और उसके भाई सचिन मालवीय का नगर निगम अमले से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इससे घायल विकास को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सचिन का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पक्षों ने एक- दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायती आवेदन दिया है।
-नगर निगम के एएचओ अजय श्रवण अपनी टीम के साथ दोपहर में केबल स्टे ब्रिज पहुंचे। ब्रिज के पास में विकास मालवीय ने नारियल पानी का ठेला लगाया हुआ था। निगम अमले उसका ठेला और सामान जब्त करने लगे। इस पर विकास ने कहा कि आप ठेला ले जाओ लेकिन सामान छोड़ दो। इसको लेकर दोनों पक्षों में जमकर विवाद हो गया।
गालियां दीं, फिर लाठी से मारा
-श्रवण के अनुसार विकास ने निगम अमले को गालियां बकी, जबकि विकास के भाई रवि ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी किशोर ने विकास और सचिन को लाठी से मारा। इस विवाद में विकास और सचिन दोनों को चोंटे आईं हैं। रवि दोनों को लेकर पहले श्यामला हिल्स थाने पहुंचा और फिर वहां से चिरायु अस्पताल। श्रवण ने थाने में सौंपे आवेदन में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करने का आवेदन दिया है, जबकि मालवीय ने निगम अमले के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज करने का आवेदन दिया है।
होता है ट्रैफिक जाम
-केबल स्टे ब्रिज के पास ठेले लगने से यहां ट्रैफिक जाम होने लगता है जिससे वीआईपी रोड और मोती मस्जिद की तरफ जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम का सफाई अमला यहां सप्ताह में एक बार धुलाई भी करता है, ताकि ब्रिज का सौंदर्य बरकरार रहे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.