पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजयपुर. प्रदेश में दूध में मिलावट रोकने का कड़ा कानून नहीं होने से दूध के कारोबारी बेखौफ होकर मिलावट कर रहे हैं। मिलावट पर सख्ती बरतते हुए इसे रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को गाइडलाइन जारी की थी। इसके बावजूद अफसरों की लापरवाही के कारण मामले थम नहीं पा रहे हैं। जिस साल सुप्रीम कोर्ट ने यह गाइडलाइन जारी की, उस साल 2011 में प्रदेशभर में लिए गए नमूनों में से 19 फीसदी में मिलावट पाई गई थी। लेकिन पिछले साल के आंकड़े देखें तो हैरान करने वाले हैं।
दूध में सबसे ज्यादा मिलावट गर्मियों और त्यौहारी सीजन में
- 2017 में लिए गए नमूनों में से 25 फीसदी मिलावटी पाए गए। यानि दूध में मिलावट थमने के बजाय सात साल में छह प्रतिशत बढ़ गई। भास्कर ने पिछले 7 सालों के दूध में मिलावट के आंकड़ों का अध्ययन किया तो सामने आया कि साल -2011 से लेकर अब तक मिलावटी दूध के 148 नमूने अनसेफ यानि मानव के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक मिले हैं।
- हकीकत यह है कि मुनाफे के लिए दूध में केवल पानी ही नहीं, यूरिया, रिफाइंड ऑयल, कास्टिक सोडा, फॉरेन फैट, स्टार्च, बोरिक एसिड, अमोनियम सल्फेट, नाइट्रेट, हाइड्रोजन पराक्साइड, फार्मेलिन, शुगर, ग्लूकोस, न्यूट्रीलाइजर्स (कार्बोनेट तथा बाइ कार्बोनेट), सेल्यूलोज माल्टोडेक्सिट्रिन तक की मिलावट हो रही है। दूध में सबसे ज्यादा मिलावट गर्मियों और त्यौहारी सीजन में होती है।
मिलावटी दूध से सेहत को यह है नुकसान
- लंबे समय तक केमिकल युक्त दूध पीने से शरीर को नुकसान होता है। एसएमएस अस्पताल के डॉ. एस.एस. शर्मा, डॉ. अजीत सिंह व डॉ. पुनीत सक्सेना के अनुसार डिटर्जेंट मिला दूध शरीर के हड्डी, आंख, लीवर व गुर्दा समेत अनेक अंगों पर असर डालता है। दूध की मात्रा बढ़ाने के लिए मिलाया जाने वाला दूषित पानी भी शरीर के लिए घातक है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च नई दिल्ली ने एक रिपोर्ट में कहा है कि डिटर्जेंट के कारण फूड पॉइजनिंग शरीर का पाचन तंत्र बिगड़ जाता है। इसके अलावा दूध में मिलावट के कारण हृदय रोग व कैंसर हो सकता है। - शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एन.बी.राजोरिया के अनुसार दूध की मात्रा बढ़ाने के लिए मिलाया जाने वाला दूषित पानी बच्चों की सेहत पर सबसे ज्यादा असर डालता है। केमिकल वाले दूध से उल्टी-दस्त जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
तीन बार सुप्रीम कोर्ट ने जारी किए निर्देश
- चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ के मुताबिक, दूध में मिलावट रोकने के लिए महाराष्ट्र की तर्ज पर राजस्थान में कानून लागू करने के लिए विशेषज्ञों से राय लेकर अध्ययन कराया जाएगा। इसके बाद ही निर्णय लेंगे। सु्प्रीम कोर्ट की गाइडलाइन की पालना होगी।
- स्टेट नोडल अधिकारी (फूड सेफ्टी) डॉ.सुनील सिंह के मुताबिक, केन्द्र सरकार से फूड सेफ्टी ऑन व्हील मिल चुकी है, जिससे दूध में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई में मदद मिलेगी। दूध में मिलावट के सबसे ज्यादा मामले जयपुर, अलवर, अजमेर, जोधपुर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा, भरतपुर व धौलपुर से हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.