पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगुजरात के राजकोट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंदिर अब नहीं रहेगा. स्थानीय संगठन ओम युवा समूह ने यह मंदिर बनवाया है जिसमें नरेंद्र मोदी की मूर्ति लगी है.
संगठन के प्रमुख जयेश पटेल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी की तरफ़ से ट्विटर पर संदेश आने के बाद उन्होंने यहां से नरेंद्र मोदी की मूर्ति हटाने का फ़ैसला किया है. अब यहां भारत माता की मूर्ति लगेगी.
बीबीसी से बातचीत में जयेश पटेल ने कहा, \"आज मोदी जी का ट्वीट आया है कि मंदिर में तो भगवान को होना चाहिए. हमारी आस्था तो वही रहेगी लेकिन अब वहां मूर्ती नहीं होगी.\"
जयेश ने बताया कि जब नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने तभी मंदिर बनाने का फ़ैसला किया गया था.
क़रीब 300 लोगों के इस संगठन ने अपने बलबूते ही मंदिर बनाने का ख़र्च उठाया. जयेश का दावा है कि संगठन के सदस्यों ने इसके लिए किसी व्यक्ति, राजनेता या संस्था से कोई चंदा नहीं लिया. मंदिर बनाने में क़रीब 4-5 लाख रुपये का ख़र्च आया है.
मंदिर का उद्घाटन एक केंद्रीय मंत्री को करना था. प्रधानमंत्री के मना करने के बाद इन लोगों को मायूसी ज़रूर हुई है लेकिन जयेश कहते हैं कि वो वहां पूजा करना जारी रखेंगे भले ही मोदी की मूर्ति की जगह भारत माता की तस्वीर लगी होगी.
पिछले कुछ दिनों से इस मंदिर की चर्चा हो रही थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह ट्वीट कर कहा कि उन्हें इसके बारे में कुछ पता नहीं था और वो इस बात से स्तब्ध हैं.
बीबीसी संवाददाता सुशीला सिंह से जयेश पटेल की बातचीत पर आधारित
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.