पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल/मुरैना. मुरैना जिले की पुलिस एक अजीबोगरीब केस को सुलझाने में जुटी हुई है। ये मामला एक मुर्गी की मौत से जुड़ा है और पुलिस इस मामले में एक आरोपी की तलाश कर रही है। मुर्गी की हत्या के मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी युवक फरार है। जानकारी के अनुसार, मामला मुरैना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां पर मंगलवार को एक युवक ने पड़ोसी की मुर्गी को इस वजह से मार दिया कि वो बार बार उसके घर में घुस रही थी।
-पुलिस का कहना है कि अभियुक्त ने मुर्गी को लाठी से मारा। सुनीता का कहना है कि उन्होंने न सिर्फ मुर्गी को मारा बल्कि मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
मरी हुई मुर्गी लेकर पहुंची थाने
- मुर्गी की मालकिन सुनीता वाल्मीकि पति राकेश वाल्मीकि का दावा है कि जब वो अपने पड़ोसी से इस बारे में बात करने गईं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और उनके साथ बदतमीज़ी की गई। इसके बाद महिला मरी हुई मुर्गी को लेकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में 429, 294, 506 बी के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
मुर्गी का कराया गया पोस्टमॉर्टम
- वहीं, मुर्गी के पोस्टमॉर्टम में भी यह बात सामने आई है कि उसकी मौत किसी चीज़ से मारने से हुई है। आईपीसी की धारा 429 के तहत 50 रुपये से ज़्यादा कीमत वाले पालतू जानवरों को मारने या उसके साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ करना जुर्म है। इसमें 5 साल तक की सज़ा का प्रावधान है।
आरोपी की तलाश जारी
- सिविल लाइन थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मुर्गी के मरने के बाद महिला इसे लेकर थाने आ गई थी और उसकी जांच में पाया गया कि जब वह सामने वाले को समझाने गई तो उसे धमकी दी गई। मामला दर्ज कर लिया गया है और अभियुक्त की तलाश कर रहे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.