पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंकरनाल(हरियाणा). हरियाणा पुलिस में रविवार को 273 बीटेक, 15 एमटेक समेत 4225 युवा कॉन्स्टेबल बने। खास बात ये है कि यह राज्य में पुलिस कॉन्स्टेबलों का सबसे पढ़ा-लिखा बैच है। इनमें एमफिल, एमबीए, एमसीए डिग्रीधारी भी शामिल हैं। पानीपत के मधुबन पुलिस कांप्लेक्स में 84वें बैच की पासिंग आउट परेड हुई। इसमें बतौर मुख्यातिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहेे।
सीएम की नसीहत- जिस ईमानदारी से भर्ती हुए उसी ईमानदारी से फील्ड में कार्य करना
- सीएम मनोहरलाल ने जवानों को नसीहत दी कि निष्पक्ष भर्ती से आपको देश सेवा का मौका मिला है। जिस ईमानदारी से भर्ती हुए हो, इसी ईमानदारी के साथ अब फिल्ड में काम करना है।
- हरियाणा के गृह सचिव एसएस प्रसाद ने कहा कि हरियाणा पुलिस के इतिहास में यह एक बड़ा मौका है, जहां एक साथ 4225 सिपाही प्रशिक्षण लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए कार्य करेंगे। दीक्षांत समारोह में 4225 जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली।
पुलिस भर्ती में प्रोफेशनल डिग्रीधारियों का चयन
- कॉन्स्टेबल पद के लिए पुलिस भर्ती में चुने गए नौजवानों में 2 एम फिल, 15 एमटेक, 16 एमसीए, 36 एमबीए, 33 एमएससी, 38 एमकॉम, 103 एमए, 273 बीटेक, 51 बीसीए, 3 एलएलबी, 434 बीएससी, 215 बीकॉम, 844 बीए, 23 डिप्लोमाधारी शामिल हैं।
पुलिस की छवि सुधारने की कोशिश करूंगा
- एमफिल के बाद पीएचडी कर रहे अशोक कुमार भी ट्रेनिंग पूरी कर पुलिस सेवा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा, ''अपने शैक्षणिक अनुभव की बदौलत पहली प्राथमिकता पुलिस की सकारात्मक छवि बनाने की रहेगी। अपने काम और व्यवहार से एकमात्र कोशिश सेवा, सुरक्षा और सहयोग के मूलमंत्र को साकार करने की रहेगी।''
- इंग्लिश से एफफिल कर रहे सोहन ने कहा, ''पुलिस की नकारात्मक छवि को तोड़ने की कोशिश करूंगा ताकि लोग थाने में आने से न डरें। जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए भी काम करूंगा।''
मामलों की जांच में शिक्षा का फायदा मिलेगा
- एमटेक कर चुके बलवान ने कहा, ''उनकी पढ़ाई-लिखाई का फायदा पुलिस और जनता दोनों को होगा। मेरी कोशिश होगी कि नई तकनीक की जानकारी बढ़ाकर इसे जांच में शामिल किया जाए। कई आपराधिक मामलों में इसकी बहुत जरूरत पड़ती है।''
- एमकॉम, बीएड डिग्री लेने वाले कुलदीप कहते हैं कि लोगों के साथ संवाद बेहतर पुलिस की छवि सुधारी जा सकती है। अगर लोगों से अच्छे से बात की जाए तो उनके मन में हमारी अलग ही छवि बनती है।
पासिंग आउट जवानों के सात दिन की छुट्टी की चिट्ठी चर्चा में रही
मधुबन पुलिस अकादमी परिसर में 84वें बैच पासिंग आउट परेड दीक्षांत समारोह में सीएम ने चार दिन के अवकाश की घोषणा कर दी। वहीं, एक चिट्ठी काफी चर्चाओं में रही। चिट्ठी में सात दिन के अवकाश के आदेश जारी किए हुए हैं, लेकिन जवानों का चार दिन का ही अवकाश रहेगा। पुलिस महानिदेशक बीएस संधू ने कहा कि ऐसी कोई चिट्ठी जारी नहीं हुई। जवानों का चार दिन का ही अवकाश रहेगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.