- Hindi News
- National
- New Delhi News Mother Daughter Murder In Vasundhara Enclave Flat Daughter39s Live In Partner Arrested
वसुंधरा एंक्लेव के फ्लैट में मां-बेटी की हत्या, बेटी का लिव-इन पार्टनर अरेस्ट
न्यू अशोक नगर के वसुंधरा एंक्लेव में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। फ्लैट के अंदर मां बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के ऊपर चाकू से वार किए गए थे। सोमवार सुबह इस घटना का खुलासा तब हुआ जब घर पर काम करने के लिए मेड आई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिए। इसबीच आरोपी विनय उर्फ विक्रांत नागर को पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को दिल्ली लेकर आ रही है। मृतकों की पहचान मां सुमिता (45) और बेटी समरिता (25) के तौर पर हुई। घर में फ्रैंडली एंट्री के संकेत मिलने से इस वारदात का शक बॉयफ्रैंड पर था।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता लगा है समरिता का एक दोस्त भी यहीं लिव-इन में रहता था, वह घटना के बाद से गायब था। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी फुटेज में वह गाड़ी के साथ जाता नजर आया। इस दोहरे हत्याकांड में वही संदेह के घेरे में था। ईस्ट डिस्ट्रिक के एक सीनियर पुलिस अफसर ने बताया वसुंधरा एंक्लेव मनसारा अपार्टमेंट में तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट में मां बेटी कई साल से रह रही थीं। सुमिता के पति का देहांत हो चुका है। महिला नोएडा में एक एनजीओ पर बड़े पद पर कार्यरत थी। जबकि उनकी बेटी करीब ढाई महीने से एक पंच सितारा होटल में हॉस्पिटैलिटी की ट्रेनिंग ले रही थी।
दोस्त के अचानक गायब होने से उस पर हुआ शक
पुलिस ने जांच के दौरान पाया मां बेटी सुबह अपनी-अपनी कार से निकल जाया करती थीं। रविवार दोनों मां बेटी घर पर थीं, सोमवार को होली पर उनकी छुट्टी थी। घर से ज्वेलरी कैश गायब है या नहीं अभी इसका पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से लड़की का लिवइन पार्टनर विनय उर्फ विक्रांत नागर लापता हो गया। इससे पुलिस की शुरुआती जांच उसी पर केंद्रित हो गई। पुलिस को फैमिली के एक जानकार ने बताया सुमिता ने विकासपुरी में रहने वाले एक शख्स से प्रेम विवाह किया था। जिसकी मौत के बाद दोनों मां बेटी कुछ साल से इस फ्लैट में रह रही थीं। समरिता की करीब 4 साल पहले विनय से पहचान हुई थी और वह साथ रहने लगा था। कुछ महीने से दोनों के बीच अनबन थी और झगड़ा भी हुआ था।
आरोपी विनय उर्फ विक्रांत नागर जयपुर से दबोचा गया
सीसीटीवी में घर में जाते दिखा था समरिता का दोस्त विक्रांत | पुलिस के मुताबिक अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में करीब पौने तीन बजे समरिता का दोस्त मेन गेट को टक्कर मार बाहर जाते नजर आया। इसके बाद वह समरिता की कार में सवार होता है, जिसके साथ एक अन्य युवक भी था। जल्दबाजी की वजह से उसकी कार सोसायटी के गेट से भी टकरा गई थी। मां बेटी की हत्या के पीछे पुलिस को लूटपाट या फिर रंजिश का एंगल लग रहा है। फिलहाल बॉयफ्रैंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे जयपुर से दिल्ली लाकर उससे पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि मर्डर के पीछे का पूरा मामला तभी खुल पाएगा।
समरिता
सुमिता
मनसारा अपार्टमेंट जहां फ्लैट में मां-बेटी की हत्या हुई (इनसेट में मां-बेटी)
इसी फ्लैट में समरिता का एक दोस्त भी लिवइन में साथ रहता था। होली पर्व की वजह से आज मां बेटी की आज छुट्टी थी। सुबह करीब सात बजे मेड घर पर काम के लिए आई। उसे दरवाजा खुला मिला। वह अंदर गई तो वहां के नजारे को देख हैरान रह गई। खून बिखरा हुआ था। मां बेटी मृत हालत में पड़ी थीं। मेड ने फ्लैट से बाहर निकल शोर मचा दिया। आसपास के लोग एकत्रित हो गए, जिन्हें वारदात का पता चलने पर पुलिस को खबर की गई। मौके पर स्थानीय पुलिस, क्राइम और एफएसएल टीम ने पहुंच जांच पड़ताल की। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस को हत्या के समय जोर जबरदस्ती के भी संकेत नहीं मिले हैं। यह भी संभव है कि दोनों की हत्याएं सोते वक्त की गई हों या फिर नशीला पदार्थं देने के बाद उन्हें मारा गया हो।