पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंजालंधर (पंजाब). घरेलू हालात से दुखी होकर सुसाइड करने जा रही एक महिला को तीन बेटियों ने ट्रेन के आगे कूदने से रोक लिया। यह पूरा ड्रैमेटिक घटनाक्रम यहां के नकोदरा रोड के सिटी स्टेशन पर हुअा। इस दौरान भास्कर के दो रिपाेर्टर्स भी संयोगवश प्लेटफार्म पर ही मौजूद थे।
ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम :
नकोदरा रोड पर रहने वाली चार बेटियों की मां मंगलवार दोपहर सिटी स्टेशन पर पहुंची। तीन बेटियां भी उसके साथ थीं। दोपहर करीब 1.30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर टाटा मूरी ट्रेन आती दिखाई दी। तभी अचानक प्लेटफार्म पर बैठी वह महिला अपने बच्चों के साथ ट्रेन की ओर बढ़ने लगी। लेकिन बेटियों ने मां को पकड़ लिया। मां ने सबसे छोटी दो बेटियों से तो खुद को छुड़ा लिया, लेकिन 10 साल की बेटी मां को लगातार पकड़े रही। इस बीच, ट्रेन को पास आता देख कुछ दूर खड़ी एक रेलवे कर्मचारी भी जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि - ‘तुम ये क्या कर रही हो।’
इस दौरान, महिला बच्चियों से लगातार बोले जा रही थी कि मुझे दूसरी दुनिया में जाना है। तुम तीनों यहीं रहो। लेकिन मासूम बच्चियां मां से लिपट गईं। वे रो-रोकर मां से कह रही थीं- ‘पहले हमें नानी के घर छोड़कर आओ, फिर चली जाना।’
पूरे शोर को सुनकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद दैनिक भास्कर के दो जर्नलिस्ट भी तुरंत महिला की तरफ गए। जब तक महिला कोई कदम उठाती, जर्नलिस्टों और अन्य लोगों ने उसे पीछे खींच लिया। इस बीच ट्रेन निकल गई। भास्कर के जर्नलिस्टों ने ही उसके पति को फोन करके स्टेशन पर बुलाया।
- रोते हुए महिला ने बताया कि उनकी शादी को 12 साल हो गए हैं। जिंदगी नर्क बन चुकी है। चार बेटियां हैं, जिनमें से एक को होशियारपुर नानी के घर छोड़ा है। वह परिवार की मदद करना चाहती है और इसीलिए नौकरी करती है। लेकिन उसका पति उस पर शक करता है और पीटता भी है।
- मौके पर पहुंचे पति से मारपीट का कारण पूछा तो बोला- उसने उसे कभी कुछ नहीं कहा। सास-बहू में कहासुनी हुई थी। शायद इसलिए ऐसा स्टेप उठाया। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला और पति को समझाया। तब पति ने उसे हमेशा खुश रखने का वादा किया। महिला ने भी कहा कि वह दोबारा ऐसा कदम नहीं उठाएगी।
- उसके बाद पति ने बेटियों को गोद में उठाया और महिला के साथ घर की ओर रवाना हो गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.