पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुबह ठंडी हवाओं ने दी राहत, इंदौर, उज्जैन सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

इंदौर. मंगलवार को हुई बारिश के बाद बुधवार सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को राहत दी, लेकिन दोपहर होते होते गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री घटकर 39.8 और न्यूनतम 1.3 डिग्री बढ़कर 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार सुबह 10 बजे के करीब डिग्री पर पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान से द्रोणिका गुजर रही है जो पश्चिमी मध्यप्रदेश से होते हुए मराठवाड़ा की ओर जा रही है। इस वजह से समुद्री क्षेत्रों से नमी आ रही जिससे बादल बन रहे। मौसम वैज्ञानिकों की की माने तो इंदौर, उज्जैन संभाग सहित प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को बारिश और आंधी चल सकती है।  

 

हवा व अांधी के बाद तेज बारिश, छत के पतरे उड़े, बालिका घायल

- मंदसौर के गरोठ में मंगलवार शाम तेज हवा के साथ आंधी चली। इसके साथ गांधीसागर में करीब 15 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे सड़कें तरबतर होने के साथ पानी बहने लगा। ग्राम सूरजना व आसपास भी तेज हवाओं के साथ आंधी चली। इससे ग्राम जालिया निवासी राजू दायमा के घर की छत के लोहे के पतरे उड़ गए। कुछ पतरे आंगन में तो कुछ घर के अंदर ही गिर गए। उसकी भांजी टीना पिता कैलाश दायमा (14) तेज आंधी के कारण पतरे हिलने लगे तो वह कमरे से बाहर निकली तभी एक पतरा उड़कर उसके पैर पर गिर गया। इससे उसकी अंगुली कट गई। घायल अवस्था में सिविल अस्पताल गरोठ लेकर आए।

सोनकच्छ में 10 हजार क्विंटल अनाज भीगा

- सोनकच्छ की कृषि उपज मंडी में अचानक आई बारिश ने खुले में पड़ा 10 हजार क्विंटल सरकारी खरीदे गए चने में से 1 हजार क्विंटल चना गीला हो गया है। उक्त लापरवाही नैफेड के लिए खरीदी कर रही मध्य भारत कंपनी के केंद्र पर हुई है। उनके द्वारा परिवहन नहीं किए जाने से सरकारी माल गीला हो गया है। 

 

खरगोन रहा सबसे गर्म
- मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 44 डिग्री खरगोन का रहा। इसके अलावा इंदौर 39.8 भोपाल 41, ग्वालियर 41.4, जबलपुर 41.8, उज्जैन 40.5, सागर 41.2, होशंगाबाद 43.2, पचमढ़ी का तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया। 

 

13 जून तक मानसून प्रदेश में दे सकता है दस्तक

- भीषण गर्मी के बीच यह राहतभरी खबर है कि मानसून तय समय 1 जून से एक हफ्ते पहले यानी 25 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है। मौसम केंद्र के न्यूमेरिकल वेदर प्रिडिक्शन के ऑपरेशनल एक्सटेंडेड रेंज फोरकास्ट में यह अनुमान जाहिर किया गया है।

 

- मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि भोपाल में मानसून 13 जून या उसके आसपास आ सकता है। उन्होंने बताया कि चार हफ्ते के लिए जारी इस फोरकास्ट में कहा गया है कि दूसरे हफ्ते में बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिमी मानसून सक्रिय रह सकता है। 15 मई के पास अंडमान निकोबार आ सकता है। तीसरे और चौथे हफ्ते में अरब सागर में मानसून में होने वाले सर्कुलेशन देखे जाने के आसार हैं।


- अनुमान में यह भी कहा गया है कि दक्षिण पूर्वी अरब सागर और उससे सटे केरल के क्षेत्र में यह एक्टिव रह सकता है। फोरकास्ट के अंत में यह निष्कर्ष है कि अंडमान रीजन और सदर्न टीप आफ इंडिया यानी केरल क्षेत्र में मानसून जल्दी आने का अनुमान है। शुक्ला ने बताया कि अरब सागर में सिस्टम बन रहा है। संकेत मिल रहे हैं कि हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी होता जा रहा है।

14 जून को रहेगा सबसे बड़ा दिन
मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि 14 जून को दिन सबसे बड़ा 13 घंटे 46 मिनट का रहेगा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि पश्चिम से आ रही गर्म हवा और सोलर रेडिएशन होने से दिन की अवधि और तपिश सबसे ज्यादा रही।

इसलिए बने बारिश के आसार
- मौसम एक्सपर्ट एसके नायक ने बताया कि हरियाणा से लेकर उत्तर मध्य महाराष्ट्र तक एक नार्थ-साउथ ट्रफ लाइन बनी है। यह भोपाल सहित मप्र के पश्चिमी हिस्से से होकर गुजर रही है। हरियाणा से लेकर नागालैंड तक एक आैर ईस्ट- वेस्ट ट्रफ लाइन बनी है। इनकी वजह से बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवा, ओलावृष्टि एवं बारिश के आसार हैं।


गर्मी में रखें अपना ख्याल
- गर्मी में सबसे ज्यादा समस्या डी-हाइड्रेशन की होती है, इसलिए खुद पर ज्यादार ध्यान देना चाहिए। इस मौसम में बहुत जल्द बच्चे व बुजूर्ग की तबीयत खराब होती है। ऐसे में जितना संभव हो कोशिश करें की धूप में कम निकलें।
- यदि बाहर निकलना पड़े तो चेहरे के साथ ही सिर को ढंककर निकलें। पसीना आने पर सिर पर पानी ना डालें।
- ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। हल्का भोजन करें और तरल पदार्थ का का ज्यादा सेवन करें। मठा और दही का उपयोग करें।

 

खबरें और भी हैं...