- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News 106 Bed Continental Ward Made Up Of 53 Rooms Of Nursing Hostels
नर्सिंग हॉस्टल के 53 कमरों में बना 106 बेड का कोरेन्टाइल वार्ड
कोरोना वायरस को लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। शासन के आदेश पर जिला अस्पताल के नर्सिंग हॉस्टल के दो फ्लोर पर 106 बेड का कोरेन्टाइल वार्ड बनाया है। यहां पर 14 दिन तक मरीज एवं उसके संपर्क के लोगों को रखा जाएगा। जिन्हें इलाज के 14 दिनों के दौरान वार्ड से बाहर जाने पर प्रतिबंध रहेगा। वार्ड में ही मरीजों के मनोरंजन के लिए टीवी एवं अखबार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मिल रहे कोरोना के मरीजों के कारण प्रदेश सरकार ने सभी जिला अस्पतालों को अलर्ट रहने के आदेश दिए हैं। शासन ने हर अस्पताल में 40 से 50 बेड का कोरेन्टाइल वार्ड बनाने के आदेश भी दिए थे। इसके तहत जिला अस्पताल के नर्सिंग हॉस्टल की छात्राओं को एक महीने की अतिरिक्त छुट्टी देकर छात्रावास खाली करा लिया गया। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ.योगेश शर्मा ने बताया ग्राउंड और फ़र्स्ट फ्लोर के प्रत्येक कमरे में दो-दो बेड लगाए गए हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छैगांवमाखन में भी 6 बेड का अतिरिक्त कोरेन्टाइल वार्ड बनाया गया है। वहीं अस्पताल के पुराने भवन के कमरा नंबर-18 में सोमवार से सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की अलग से ओपीडी में जांच की जा रही है। सोमवार को 135 और बुधवार को 170 मरीज ओपीडी में जांच के लिए आए। अस्पताल में डॉक्टर्स, स्टाफ और मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए एन-95 मास्क 200, पीपीई किट 300, वीटीएम किट 500, ओसेल्टामिन टैबलेट 8000 उपलब्ध कराए गए हैं।
अस्पताल में 4 की जगह बनेगा 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड
वार्ड में मरीजों के साथ रखें जाएंगे उनके संपर्क वाले परिजन
जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ.योगेश शर्मा ने बताया कोरोना वायरस से प्रभावित मरीजों की जांच एवं इलाज के लिए अस्पताल में पूरी व्यवस्था है। यदि कोई मरीज कोरोना वायरस से प्रभावित है तो उसके सपंर्क वाले सभी मरीजों को 14 दिन तक वार्ड में रखा जाएगा। 14 दिन बाद डिस्चार्ज होने पर भी स्वास्थ्य विभाग उनकी निगरानी करेगा।
अस्पताल में बना नर्सिंग हास्टल के कमरों में बनाया कोरेन्टाइल वार्ड।
जिला अस्पताल में चार की जगह दस बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया जाएगा। आइसोलेशन वार्ड ट्रामा सेंटर में बनाया गया है। जिसे अब अन्य मरीजों की पहुंच से दूर बनाया जाएगा। फिलहाल चार बेड के आइसोलेशन वार्ड का प्रभारी डॉ.पंकज जैन को बनाया गया।