दवा कंपनियों को 1,480 करोड़ रुपए की मदद
नई दिल्ली |एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने कोरोनावायरस संक्रमण से निपटने के लिए दवाओं और अन्य आवश्यक सामग्रियों का विनिर्माण करने वाली कंपनियों को 20 करोड़ डॉलर यानी करीब 1,480 करोड़ रुपए की मदद मुहैया कराएगा। गुरुवार को एडीबी ने एक बयान में कहा कि यह राशि कुछ सप्ताह के भीतर चुनिंदा कंपनियों को दी जाएगी। बयान में कहा गया कि दवाओं तथा व्यक्तिगत सुरक्षा के सामानों का मैन्युफैक्चरिंग व डिस्ट्रीब्यूशन कर रही कंपनियां कोरोनावायरस के संक्रमण को देखते हुए क्षमता विस्तार करने में चुनौतियों का सामना कर रही हैं। वाणिज्यिक बैंकों की साझेदारी में एडीबी की यह मदद एशिया और प्रशांत क्षेत्र में ऐसी कंपनियों को क्षमता विस्तार के लिए आवश्यक पूंजी की व्यवस्था करेगी।