- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News 930 School Offices Did Not Pay 92 Lakhs A Bill Of Rs Owe To
930 स्कूल-दफ्तराें ने नहीं चुकाया 92 लाख रु. का बिल, अाजाक विभाग भी 62 लाख रु. का बकायादार
बिजली कंपनी काे शिक्षा विभाग के 930 स्कूल-दफ्तराें से 92 लाख रुपए बिजली बिल की बकाया राशि वसूलनी है। शिक्षा विभाग द्वारा कई महीनाें से यहां के बिल ही नहीं भरे गए। अादिम जाति कल्याण विकास विभाग पर भी बिजली कंपनी का 62 लाख रुपए बकाया है। यही नहीं, एेसे 9 सरकारी विभाग हैं, जिनके 1435 कनेक्शनाें पर बिजली कंपनी काे 5.35 कराेड़ रू. वसूलने हैं। बिजली कंपनी अब इन बकायादाराें से सख्ती से बिजली बिल वसूलेगी। कलेक्टर ने भी इन विभाग के अधिकारियाें काे बकाया बिल भरने के निर्देश दिए हैं।
बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री एसअार सेमिल ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर काे अपनी पीड़ा बताई। उन्हाेंने बताया विभिन्न शासकीय कार्यालयों द्वारा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं कराए गए हैं, जिससे बिजली कंपनी को आर्थिक नुकसान हो रहा है। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने वसूली अभियान के तहत इन शासकीय कार्यालयों से सख्ती से बकाया बिल जमा कराने के निर्देश दिए हैं। जिस पर कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को उनके अधीनस्थ कार्यालयों के बकाया बिजली बिल तत्काल जमा कराने के निर्देश दिए। अधीक्षण यंत्री ने बताया जिले में कुल 1436 शासकीय विद्युत कनेक्शनाें पर कुल 5.35 करोड़ रु. की राशि बकाया है, जिसमें नगर निगम खंडवा पर निम्नदाब के 171 कनेक्शन पर 24.80 लाख रु., नगर निगम के उच्च दाब के 3 विद्युत कनेक्शन पर 2.77 करोड़ रु.. बकाया है। इसी तरह पुलिस विभाग के 85 कनेक्शन पर 22.05 लाख रु., शिक्षा विभाग के 930 विद्युत कनेक्शन पर 91.99 लाख रु., कृषि विभाग के 9 कनेक्शन पर 1.97 लाख रु., स्वास्थ्य विभाग के 62 कनेक्शन पर 18.44 लाख रू., आदिम जाति कल्याण विभाग के 227 कनेक्शन पर 61.98 लाख रू., बीएसएनएल के 23 कनेक्शन पर 10 लाख रु., रेलवे के 22 कनेक्शन पर 5.29 लाख रु., एनवीडीए के 11 कनेक्शन पर 12.94 लाख रु., के बिल बकाया हैं।
650 काे नाेटिस, संपत्ति कुर्क करेंगे
कार्यपालन यंत्री शहर नितिन चाैहान ने बताया मार्च महीने में खंडवा शहर के बकायादाराें से 5 कराेड़ रू. तथा ग्रामीण क्षेत्राें से 18 कराेड़ रु. की वसूली का लक्ष्य मिला है। बिजली बाेर्ड के अधिकारियाें ने बैठक लेकर यंत्री, उपयंत्रियाें व सहायकाें काे सख्ती से वसूली के निर्देश दिए हैं। बुधवार काे बिजली कंपनी ने 3.50 लाख रु. के 52 बकायादाराें के कनेक्शन काटे, जबकि 11 दिनाें में 7 लाख रुपए के 190 बकायादाराें के कनेक्शन काटे गए। बकायादार 650 उपभाेक्ता एेसे हैं, जिन पर कंपनी का 52 लाख रुपए बकाया है, उन्हें न्यायालय के माध्यम से नाेटिस भेजे गए हैं।