पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Indore News Mp News As Soon As The Murchuri Opened It Was Blown Away The Family Was Agitated After Seeing The Dead Body

मर्चुरी खोलते ही भपका छूटा, शव की दुर्गति देख भड़क गए परिजन**

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अस्पताल के कर्मचारियों ने मर्चुरी में शव रख दिया लेकिन फ्रीजर चालू ही नहीं किया। नतीजतन, सुबह तक शव खराब हो गया। जब परिजन शव लेने पहुंचे तो मर्चुरी खोलते ही भपका छूटा। बदबू आने की वजह जांची तो पता चला कि फ्रीजर बंद है। शव फूल चुका था और उससे पानी निकल रहा था। अपने संबंधी के शव की दुर्दशा देखकर परिजन भड़क गए।

बॉडी की हालत ऐसी हो चुकी थी कि कोई हाथ लगाने को तैयार नहीं था। दुखी परिजन पसोपेश में थे कि इस हालात में शव घर कैसे ले जाएंगे? वहां परिजन अंतिम दर्शन कैसे करेंगे। पारंपरिक क्रियाएं कैसे पूरी होंगी?

परफ्यूम की बॉटल उड़ेल दी

परिजन ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। देर तक प्रबंधन और परिजन में बहस होती रही। आखिरकार अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस बुला ली। सिरसे के परिजन ने डीबी स्टार को बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने पूरे हालात पर न सिर्फ अपनी सफाई दी, बल्कि उन लोगों के साथ बदसलूकी और दादागिरी भी की। जब भंवरकुआं पुलिस को सच्चाई का पता लगा तो उसने उल्टे प्रबंधन को फटकार लगाई। पुलिस ने कहा कि जब मर्चुरी में सशुल्क डेड बॉडी रखते हैं तो ऐसी लापरवाही कैसे बरत सकते हैं? यह अमानवीयता है। जैसे-तैसे पुलिस ने परिजन को समझा-बुझाकर शव ले जाने के लिए मनाया।

दु:खी परिजन चेहरा तक नहीं देख पाए

मंगलवार शाम वासुदेव जी की बॉडी रसीद कटाकर मेडी स्क्वेयर अस्पताल की मर्चुरी में रखी थी। बुधवार को जब शव लेने पहुंचे तो पता चला फ्रीजर बंद होने से बॉडी खराब हो गई है। शव की हालात इतनी खराब थी कि नहलाना, कपड़े पहनाना तो दूर परिजन चेहरा भी न देख सकें। अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही, बदसलूकी और दादागिरी के खिलाफ पुलिस और सीएचएमओ को शिकायत करेंगे ताकि आगे से किसी के साथ ऐसा न हो।

अंकित नलगे, विपिन चौहान, जीतू चौधरी कमल प्रजापति
मृतक वासुदेव सिरसे के रिश्तेदार

परिजन शिकायत करें, कार्रवाई करेंगे

मेडी स्क्वेयर अस्पताल में शव की दुर्दशा का मामला अभी मेरी जानकारी में आया है। अस्पताल प्रबंधन यदि बाहरी शवों के लिए सशुल्क मर्चुरी चला रहा है तो उसे लापरवाही हर्गिज नहीं बरतना चाहिए। यह सेवा में कमी ही नहीं बल्कि अमानवीय भी है। मृतक के परिजन शिकायत करेंगे तो कार्रवाई जरूर की जाएगी।

डॉ. प्रवीण जड़िया, सीएचएमओ, इंदौर

हो सकता है फ्रीजर बंद हो गया हो

वासुदेव सिरसे की डेड बॉडी की दुर्दशा नहीं हुई। हां, थोड़ी स्मेल जरूर आ रही थी। हमारे कर्मचारी की कोई गलती नहीं है। शव रखते ही फ्रीजर ऑन कर दिया जाता है। हो सकता है, कुछ देर फ्रीजर बंद हो गया हो। कभी-कभी फ्रीजर ऑटोमेटिक बंद हो जाता है। शव से स्मेल आने से परिजन का गुस्सा स्वाभाविक है।

पूजा बैरागी, प्रबंधक, मेडी स्क्वेयर अस्पताल

जांच कर कार्रवाई की जाएगी

मेडी स्क्वेयर अस्पताल मामले में फिलहाल इतना ही कहूंगा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। मैं सुबह थाने पर नहीं था इसलिए जो स्टाफ अस्पताल गया था उससे जानकारी ली जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत मिलती है तो अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई होगी।

विजय सिंह सिसौदिया, टीआई, भंवरकुआं

{मर्चुरी का फ्रीजर... पेज 1 से जारी**
खबरें और भी हैं...