अश्विन ने तमिलनाडु डिवीजन क्रिकेट में जमाया शतक
नई दिल्ली | न्यूजीलैंड दौरे पर फ्लॉप हुए रविचंद्रन अश्विन ने अपने घर पर शतक जड़कर फॉर्म में आने के संकेत दे दिए हैं। स्टार ऑफ स्पिनर तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन की डिविजन लीग का एक मैच खेल रहे थे, जहां उन्होंने अपने बल्ले से जमकर कमाल दिखाया। अश्विन 9वें राउंड के इस मैच में रविवार को एमआरसी-ए की ओर से अल्वरपेट के खिलाफ खेल रहे थे, जहां 180 गेंदों का सामना कर उन्होंने 13 चौके और 1 छक्के की मदद से शानदार 102 रन बनाए। अपनी इस शतकीय पारी के दौरान इस स्टार खिलाड़ी ने चौथे विकेट लिए आर. श्रीनिवासन (87) के साथ टीम के लिए महत्वपूर्ण शतकीय साझेदारी भी निभाई। दोनों की इस पारी की बदौलत एमआरसी-ए ने पहली पारी में 98.5 ओवर में 346 रन बना लिए हैं। न्यूजीलैंड दौरे के बाद अश्विन यहां पहली बार कोई मैच खेलने उतरे थे। न्यूजीलैंड में उन्हें पहले टेस्ट में खेलने का मौका मिला था। वेलिंग्टन टेस्ट में अश्विन का परफॉर्मेंस बॉल और बैट दोनों से ही फीका रहा था। इस मैच में वह सिर्फ 3 विकेट ही हासिल कर पाए थे और सिर्फ 4 रन का ही योगदान अपने बल्ले से दे पाए थे।