भावना ने फतह किया माउंट कॉस्किअस्को
सिटी रिपोर्टर . भोपाल
जिस समय पूरा देश होली के रंग में सराबोर हो रहा था। उस समय प्रदेश की बेटी भावना डहेरिया ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कॉस्किअस्को को फतेह कर रही थीं। यह दूसरा मौका है जब भावना ने किसी भारतीय त्योहार को यादगार बनाने और अलग ढंग से सेलिब्रेट करने के लिए इस तरह का टास्क पूरा किया। इससे पहले भावना ने दिवाली पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतेह की थी।
2228 मीटर ऊंची माउंट कॉस्किअस्को की चोटी पर पहुंचकर भावना ने गुलाल से होली खेली और देश का झंडा फहराया। भावना ने कहा- मैं बहुत भाग्यशाली हूं और खुद पर गर्व महसूस कर रही हूं कि मैंने भारत के दो सबसे बड़े त्योहार पर्वतों की चोटियों पर मनाए। परिवार से मिले हौसले ने मुझे इस टास्क को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। भावना 12 मार्च को भोपाल लौटेंगी। उल्लेखनीय है कि भावना ने 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट फतेह किया था।