प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में तेज धमाका...और आग
वजह... शॉर्ट सर्किट से लगी आग,11 दमकलों ने बुझाई
गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में हादसा...ढाई घंटे में पाया काबू
भोपाल|गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में प्लास्टिक दाना फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह आग लगने से दहशत फैल गई। शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही मिनट में विकराल रूप ले लिया और भीषण होती चली गई। 145 ए-आई सेक्टर गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साईं पॉलिमर सुनील मालवीय की है। नीरजा नगर, जेके रोड निवासी सुनील ने बताया कि नीलेश गोस्वामी और संजीव त्रिपाठी नाइट ड्यूटी में थे। सुबह 4:15 बजे अचानक संजीव को फैक्ट्री के पश्चिमी हिस्से में लगे मीटर में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। दोनों मीटर तक आए तो देखा आग ने कुछ प्लास्टिक दानों को चपेट में ले लिया था। दोनों ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने की कोशिश की। कामयाब नहीं हुए तो फायर ब्रिगेड को कॉल लगाया। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, तब तक आग ने पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया था। लपटें बीस फीट ऊपर तक उठ रही थीं। फोम की तीन और पानी की 11 दमकलों से आग पर काबू पाने में करीब ढाई घंटे लग गए। गनीमत ये रही कि आग ने आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को चपेट में नहीं लिया।