- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Brother Said Prisoners In The Jail Punched In The Stomach Blood Was Coming From The Anus
भाई बोला- जेल में कैदियों ने पेट में घूंसे मारे, मलद्वार से आ रहा था खून
इंदौर | उज्जैन की भेरूगढ़ जेल से एमवाय हॉस्पिटल लाए गए विचाराधीन कैदी की शनिवार को मौत हो गई। उसके भाई का आरोप है कि उसे चार कैदियों ने जेल में बुरी तरह से पीटा। पेट में अंदरूनी चोट लगने के कारण उसके मल द्वार से खून निकल रहा था। मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है। एमवायएच पुलिस के मुताबिक, मृतक कैदी का नाम काली (36) था। वह उज्जैन के बामन कांकरिया में रहता था। आठ दिन पहले भेरूगढ़ जेल में उसे बंद किया गया था। उसके छोटे भाई गुट्टू ने बताया कि होली के दो दिन पहले किसी विवाद के चलते उसे नीलगंगा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया।पिता का गैंगरीन का ऑपरेशन था। इसके चलते पूरा परिवार उनके साथ था। इस बीच पुलिस ने परिवार को जानकारी दिए बिना काली को जेल भेज दिया। चार दिन बाद जब अस्पताल से घर पहुंचे तो लोगों ने जानकारी दी। पांचवें दिन गांव के चौकीदार ने बताया कि काली की तबीयत ज्यादा खराब है। उसे एमवायएच में भर्ती किया गया है। बुधवार शाम को गुट्टू, काली से मिलने एमवायएच पहुंचा। वहां काली के मल द्वार से खून बह रहा था और पेट पर चोट के निशान थे। काली ने गुट्टू को बताया कि उसे जेल में चार कैदियों ने पीटा है, उसके बाद ही तबीयत बिगड़ गई। काली का आरोप है कि उसे पेट में घूंसों से मारा गया, जिससे उसके पाचन तंत्र में चोट आई है।