- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Cet To Be Done For 34 Courses Of 11 Departments New States Will Be Added Many Centers Will Be Closed
11 विभागों के 34 कोर्स के लिए होने वाले सीईटी से नए राज्य जुड़ेंगे, कई सेंटर बंद होंगे
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) से इस बार कई नए राज्य भी जुड़ेंगे। यूनिवर्सिटी की तैयारी है कि लगभग सभी राज्यों में कम से कम एक सेंटर बनाया जाए। वहीं बड़े शहरों को भी जोड़ा जाए। सीईटी में पिछले साल बनाए गए 50 में से कुछ सेंटर इस बार बंद होंगे। उनकी जगह नए नाम जुड़ेंगे। इलाहाबाद जैसे शहर को हटाकर नए शहर जोड़े जाएंगे।
ए प्लस ग्रेड मिलने के बाद पहली बार सीईटी हो रहा है। यूनिवर्सिटी इस ग्रेड के जरिये ऐसे छात्रों को जोड़ना चाहती है, जिनका टारगेट दिल्ली यूनिवर्सिटी या अन्य बड़ी यूनिवर्सिटी है। वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के परीक्षा कराने का भी फायदा मिलेगा, क्योंकि यह परीक्षा कराने वाली देश की सबसे बड़ी एजेंसी है। इसके परीक्षा कराने से छात्रों की संख्या बढ़ने और क्वालिटी स्टूडेंट मिलने की संभावना बढ़ेगी। यूनिवर्सिटी का टारगेट है कि एजुकेशन हब बन चुके इंदौर में बेंगलुरू, हैदराबाद, पुणे, दिल्ली, मुंबई, जयपुर सहित अन्य बड़े शहरों के छात्र भी उसे मिले। पिछले साल अन्य राज्यों के महज 11 फीसदी एडमिशन हुए थे। इस बार टारगेट 25 फीसदी तक का है। नैक ने भी निरीक्षण के दौरान कम संख्या पर सवाल उठाए थे।
यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट रिपोर्ट बताएगी सोशल मीडिया पर भी करेगी ब्रांडिंग
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के सीनियर प्रोफेसर डॉ. एके सिंह के मुताबिक, इस बार हमारे पास ए प्लस ग्रेड है। इसके फायदा भी हमें कॉमन एंट्रेंस टेस्ट में मिल सकता है। इसके लिए हमें सोशल मीडिया पर इसकी ब्रांडिंग करना होगी। विभागों से हुए शानदार प्लेसमेंट और कोर्स की खासियतों की भी ब्रांडिंग करना होगी। हमारा प्रयास है कि सारी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को हम देशभर के उन छात्रों तक पहुंचाएं, जिनका टारगेट अच्छी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने का है। उसी दिशा में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) के छात्र-छात्राओं, टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ मिलकर सोशल मीडिया पर भी प्रचार प्रसार करेंगे। इसके जरिये डीएवीवी की ब्रांडिंग करेंगे।
एमपी ऑनलाइन से ही होगी आवेदन की प्रक्रिया
परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कराएगी, लेकिन आवेदन प्रक्रिया एमपी ऑनलाइन के जरिये ही होगी। फॉर्म शुल्क में भी बढ़ोतरी नहीं होगी, अगर अंतिम समय में किसी कारण से एनटीए पर सहमति नहीं बन पाती है तो एमपी ऑनलाइन के जरिये ही परीक्षा होगी। परीक्षा जून के पहले सप्ताह के रविवार को प्रस्तावित है। हालांकि अगर एनटीए रविवार के अलावा किसी और दिन परीक्षा कराना चाहेगा तो उस पर भी सहमति दे दी जाएगी।
पीजी के लिए ए व ई, यूजी के लिए बी, सी और डी ग्रुप
पिछली बार सीईटी 21 विभागों के 61 कोर्स के लिए हुई थी। इनमें कई कोर्स कॉमन थे, लेकिन इस बार 11 विभागों के 34 कोर्स के लिए परीक्षा होगी। इन कोर्स के लिए 5 ग्रुप बनाए गए हैं। पीजी कोर्स के लिए ए और ई ग्रुप रहेगा, जबकि यूजी कोर्स के लिए बी, सी और डी ग्रुप बनाए गए हैं। ग्रुप ए में 18 कोर्स शामिल किए गए हैं, जबकि ग्रुप बी में 8 और ग्रुप सी में 4 कोर्स रहेंगे। इसके साथ ही ग्रुप डी में 2 और ग्रुप ई में भी 2 कोर्स रहेंगे। प्रबंधन एनटीए को प्रबंधन एग्जाम की सारी जानकारी और पिछडा रिकॉर्ड सौंप चुका है।