- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Davv 213 Students Will Be Awarded Medals In The Convocation Out Of Which 191 Will Be Gold 22 Will Be Silver
डीएवीवी: दीक्षांत समारोह में 213 छात्रों को दिए जाएंगे मेडल, इनमें 191 गोल्ड, 22 सिल्वर रहेंगे
देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के 23 मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह में 191 गोल्ड मेडल और 22 सिल्वर मेडल दिए जाएंगे। समारोह में कुलाधिपति लालजी टंडन, इसरो के पूर्व डायरेक्टर प्रो. एएस किरण कुमार और देशभर में जॉब या बिजनेस कर रहे पूर्व छात्र भी शामिल होंगे। इसमें कुल 213 छात्रों को मेडल दिए जाएंगे। बाकी को डिग्री दी जाएगी। डीएवीवी प्रशासन ने छात्रों के नाम की सूची वेबसाइट पर भी जारी कर दी है। 19 मार्च तक छात्र डिग्री के लिए आवेदन कर सकते हैं। मेडल की सूची आने के बाद उपाधि हासिल करने वाले छात्रों के रजिस्ट्रेशन की संख्या देखना होगी। यह 19 की शाम तक पता चलेगी।
मेरिट में आने वाले छात्रों, पीएचडी, डीलिट, डीएससी हासिल करने वालों को 16 मार्च तक का समय
इस बार मेडल और उपाधि पाने वालों की संख्या 350 के पार
इस बार दो साल की बैच शमिल होगी, इसलिए उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ेगी। ऐसे में मेडल और उपाधि पाने वालों की कुल संख्या 350 के पार पहुंचेगी। पिछले साल जहां 131 मेडल दिए गए थे, वहीं यह आंकड़ा इस बार 213 पर पहुंच गया, तब 61 विद्यार्थियों को गोल्ड व सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया था जबकि उस सत्र में पीएचडी पूरी करने वाले 23 शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की गई थी। पूरे समारोह में 116 गोल्ड और 15 सिल्वर मेडल दिए गए थे।
21 और 22 मार्च को है रिहर्सल की तैयारी
रजिस्ट्रार अनिल शर्मा के अनुसार इस बार भी समारोह की दो बार रिहर्सल होगी। यह 21 और 22 मार्च को कराने की तैयारी है। जो ड्रेस कोड पिछले साल के दीक्षांत समारोह में था, वही इस बार भी रहेगा। गाउन की परंपरा खत्म हो चुकी है। आयोजन मार्च में है, इसलिए ज्यादा गरमी की आंशका के चलते बाहरी हिस्से में भी टेंट लगाया जाएगा। अलग-अलग कमेटी बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
आयोजन तक्षशिला परिसर स्थित ऑडिटोरियम में दोपहर 3 बजे से होना है। फिलहाल अलग-अलग कोर्स में मेरिट के छात्रों और पीएचडी, डीलिट, डीएससी हासिल करने वाले शोधार्थियों को आवेदन के लिए 16 मार्च तक का समय दिया गया है। इसके बाद 19 मार्च तक लेट फीस के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा। दीक्षांत समारोह में इस बार 2017-18 और 2018-19 सत्र के छात्रों को यह उपाधि और मेडल दिए जाएंगे। पिछले साल हुए दीक्षांत समारोह के दौरान कुछ छात्रों को मेडल नहीं मिलने के कारण विवाद की स्थिति बनी थी। इस बार प्रशासन ने पहले ही गाइड लाइन के मुताबिक लिस्ट तैयार की है।