- Hindi News
- National
- Khalwa News Mp News Dfo Orders Not Implemented Even After One Week Road Is Being Built
डीएफओ के आदेश पर एक सप्ताह बाद भी अमल नहीं हुआ, बन रही है सड़क
आदिवासी ब्लाक खालवा में सुंदरदेव से गुलाई तक करीब 10 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कंपनी वन नियम व शर्तों का खुला उल्लंघन कर रही है। नियम विरुद्ध वन क्षेत्र में कैंप लगाकर ब्लास्टिंग करने के साथ वाहन भी निर्बाध गति से दौड़ रहे हैं। रेंजर ने ब्लास्टिंग करने वाला एक ट्रैक्टर भी पकड़ा जो उनके कार्यालय लाया गया था। सूचना मिलने पर डीएफओ ने काम रुकवाने के निर्देश दिए थे। लेकिन इस पर अमल ना करते हुए और तेजी से काम चल रहा है। डीएफओ ने चार दिन पहले भी काम नहीं रोकने का कारण पता करने की बात कही थी। गुरुवार को भी उन्होंने यही बात कही है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वनग्राम सुंदरदेव से गुलाई तक करीब 14 किमी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। वन क्षेत्र में किसी भी निर्माण कार्य के लिए नियम तय हैं। वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए वन क्षेत्र में रात में ना तो कैंप किया जा सकता और ना ही वाहन आना-जाना कर सकते हैं। वाहन केवल दिन में जा सकते हैं जिनके नंबर भी वन विभाग को देने होते हैं। ब्लास्टिंग पर पूर्णत: प्रतिबंध है। सड़क निर्माण कंपनी इन नियमों का खुला उल्लंघन कर रही है। पुलिया निर्माण के लिए ब्लास्टिंग कर वन्य प्राणियों को भयभीत किया जा रहा है। प्रशिक्षु एसडीओ दिनेश वास्केल ने ब्लास्टिंग करने वाला एक ट्रैक्टर भी जब्त किया था। बाद में इसे सुपुर्दगी पर छोड़ भी दिया गया। वास्केल ने जांच प्रतिवेदन भेजा था जिस पर डीएफओ ने जांच होने तक सड़क निर्माण रोकने के आदेश जारी किए थे। भास्कर ने 8 मार्च के अंक में डीएफओ ने दिया सड़क निर्माण रोकने का आदेश, ठेकेदार ने चार गुना बढ़ाई काम की रफ्तार शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसमें डीएफओ डीएस कनेश ने कहा था मैं जांच होने तक सड़क निर्माण रोकने के आदेश दे चुका हूं, लेकिन अब तक क्यों नहीं रुका पता करता हूं। इसके बावजूद भी सड़क निर्माण निर्बाध गति से चल रहा है और वन क्षेत्र में कैंप भी लगे हुए हैं। गुरुवार को भी जब उन्हें बताया गया कि सड़क निर्माण नहीं रुका है तो उन्होंने फिर वही जबाव दिया कि मैं पता करता हूं काम क्यों नहीं रोका। वन अफसर-कर्मचारियों की लापरवाही के चलते ना तो अब वन सुरक्षित रहे और ना ही वन्य प्राणी।
निर्माण में शर्तों के उल्लंघन पर डीएफओ ने चार दिन बाद फिर कहा मैं पता करता हूं
ब्लास्टिंग करने वाला ट्रैक्टर रेंजर कार्यालय लाया गया था।
8 मार्च 2020 को प्रकाशित खबर।
फील्ड में ही हूं, दिखवाता हूं
डीएस कनेश, डीएफओ खंडवा