- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Dgp Knows The State Of The State As Soon As He Takes Command
कमान संभालते ही डीजीपी ने जानी प्रदेश की स्थिति
मध्यप्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। पुलिस मुख्यालय पहुंचे जौहरी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्पेशल डीजी सायबर सेल राजेंद्र कुमार ने उन्हें कार्यभार सौंपा। मप्र कैडर के 1984 बैच के आईपीएस अफसर जौहरी इससे पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक के रूप में पदस्थ थे।
राज्य सरकार ने 5 मार्च को जौहरी को डीजीपी बनाने के आदेश जारी किए थे। उनके कार्यभार ग्रहण करने तक राजेंद्र कुमार को अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। गुरुवार सुबह 11.15 बजे जौहरी पुलिस मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने राजेंद्र कुमार से कार्यभार ग्रहण किया। चार्ज लेने के बाद डीजीपी ने सीनियर अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक कर प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। जौहरी पन्ना, भिंड, रतलाम व जबलपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं। वे एडीजी इंटेलीजेंस एवं पीटीआरआई की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा डीआईजी स्पेशल ब्रांच पुलिस मुख्यालय व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी मुख्यमंत्री सचिवालय के रूप में भी पदस्थ रहे हैं।