- Hindi News
- National
- Julwaniya News Mp News Due To Lack Of Funds The Panchayat Could Not Complete The Ration Shop In 3 Years
राशि नहीं मिलने के कारण पंचायत 3 साल में पूरा नहीं करा सकी राशन दुकान का निर्माण
नगर के बस स्टैंड के पास शासकीय उचित मूल्य दुकान भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। मनरेगा योजना के तहत बन रहे भवन का निर्माण कार्य तीन साल में पूरा नहीं हो पाया है। 10.50 लाख रुपए की लागत से बन रहे भवन का अभी 70 फीसदी काम हुआ है लेकिन पंचायत को राशि नहीं मिलने के कारण पंचायत ने तीन माह से काम बंद कर दिया है।
लोगों ने बताया कि तीन साल से पंचायत भवन का निर्माण करा रही है लेकिन धीमी गति से निर्माण कार्य होने की वजह से यह अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। इससे उपभोक्ताओं को नए भवन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे वर्तमान में उचित मूल्य की राशन दुकान नगर से एक किमी दूर बायपास पर अस्थाई रूप से संचालित हो रही है। इससे उपभोक्ताओं को राशन लेने के लिए एक किमी दूर जाना पड़ता है। वहीं वृद्ध उपभोक्ताओं को एक किमी दूर से राशन सिर पर रखकर लाना पड़ता है। इससे उन्हें परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने कहा- दो पंचायत के दो हजार से ज्यादा उपभोक्ता राशन दुकान पर निर्भर
नगर के कालूराम जायसवाल, आशीष मंडलोई, अशोक सोलंकी, संतोष सेन, दिनेश सेन व अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि जुलवानिया की राशन दुकान पर जुलवानिया और नीमसांगवी ग्राम पंचायत के दो हजार से ज्यादा उपभोक्ता राशन लेते हैं। इन्हें एक किमी दूर बायपास पर राशन लेने जाना पड़ रहा है। वहीं इन ग्राम पंचायतों के पांच से ज्यादा फलिये के उपभोक्ताओं को इतनी दूर राशन लेने जाने में ज्यादा परेशानी होती है।
बंद पड़ा उचित मूल्य दुकान के भवन का निर्माण कार्य।
पांच फलिये के लोग 5 से 6 किमी दूर से आते हैं राशन लेने
लोगों ने बताया कि जुलवानिया की शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान पर जुलवानिया सहित नीमसागवी, गुलगांव, हलदड़, बड़वा फलिया, अमलियार के ग्रामीण उपभोक्ता भी राशन लेने आते हैं। इतनी दूर से राशन लेने आने के बाद कई बार एक बार में राशन नहीं मिल पाता है। उपभोक्ताओं ने बताया कि सर्वर की समस्या आए दिन बनी रहती है। इसकी वजह से 5 से 6 किमी दूर से राशन लेने आने के बाद भी एक बार में राशन नहीं मिल पाता है। इससे दो से तीन बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उपभोक्ताओं ने कहा- पानी और छांव की सुविधा नहीं
उपभोक्ताओं ने बताया कि बायपास स्थित अस्थाई राशन दुकान पर पानी और छांव की सुविधा नहीं है। इससे उपभोक्ताओं को धूप में ही बैठकर अपना नंबर आने का इंतजार करना पड़ता है। पानी की सुविधा नहीं होने से ज्यादा परेशानी होती है लेकिन जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द अधूरे पड़े भवन का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। ताकि उपभोक्ताओं को सुविधा मिल सके।
अस्थाई भवन में संचालित कर रहे हैं राशन दुकान
खाद्य आपूर्ती प्रबंधक सुरेश शारदे व सेल्समैन घनश्याम राठौड़ ने बताया कि अभी राशन दुकान भवन निर्माण अधूरा है। इसलिए अस्थाई रूप से किराए के भवन में बायपास पर राशन दुकान का संचालन किया जा रहा है। यहां जगह की कमी है। भवन बनने के बाद उपभोक्ताओं को बैठने की सुविधा मिल सकेगी।
राशि मिलने पर शुरू कराएंगे निर्माण कार्य
-मदनसिंह बघेल, सरपंच, ग्राम पंचायत, जुलवानिया