- Hindi News
- National
- Indore News Mp News Equations Will Deteriorate From Leaders Leaving Congress In Number Two Sanwar Depalpur
कांग्रेस छोड़ने वाले नेताओं से दो नं., सांवेर, देपालपुर में बिगड़ेंगे समीकरण
पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद अब इंदौर में उनके समर्थकों के भी भाजपा में जाने की संभावना है। ऐसा हुआ तो जिले की कई विधानसभा सीटों पर समीकरण बनेंगे-बिगड़ेंगे। सबसे ज्यादा असर सांवेर, दो नंबर और देपालपुर में होगा। यह तय है कि कांग्रेस छोड़ने वाले सारे नेता भाजपा में गए तो दोनों दलों से चुनाव लड़ते रहे कुछ नेताओं को अपनी सीट पर समझौता करना पड़ सकता है।
सांवेर : सबसे ज्यादा असर इसी विधानसभा क्षेत्र में पड़ेगा, क्योंकि सिंधिया समर्थक मंत्री रहे तुलसी सिलावट यहीं से विधायक हैं। इस सीट पर भाजपा दो बार से डॉ. राजेश सोनकर को उम्मीदवार बनाती रही है। 2013 में वे जीते तो 2018 में हार गए। अब उपचुनाव की नौबत आती है और सिलावट उम्मीदवार बनते हैं तो सोनकर समर्थकों के सामने दुविधा हो सकती है। यह बात कार्यकर्ता बोल भी रहे हैं। सिलावट 80 के दशक से यहां कांग्रेस के लिए सक्रिय हैं।
विधानसभा क्षेत्र दो : भाजपा विधायक रमेश मेंदोला के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले मोहन सेंगर इस्तीफा दे चुके हैं। सेंगर खुलकर मेंदोला और भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध करते रहे हैं। दोनों के समर्थक भी मान रहे हैं कि सेंगर अगर भाजपा में शामिल होंगे तो दोनों के लिए स्थिति असहज होगी। सब कुछ आसान नहीं होगा।
{विधानसभा क्षेत्र पांच : सत्यनारायण पटेल 2018 में पांच नंबर क्षेत्र से भाजपा के महेंद्र हार्डिया से हारे थे। अब अगर वे भाजपा में शामिल होते हैं तो हार्डिया और पटेल के समर्थकों के लिए तालमेल जमाना थोड़ा मुश्किल होगा।
देपालपुर : सत्यनारायण पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा तो दे दिया है, पर आगे का सफर कैसे करना है, इसका फैसला वे रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में करेंगे। पटेल वैसे हालिया चुनाव क्षेत्र क्रमांक पांच से लड़े थे, पर देपालपुर से वे विधायक रहे हैं और
उनके समर्थकों की संख्या भी अच्छी है। यहां से मनोज पटेल भाजपा के विधायक रहे हैं, वे
आगे के लिए भी दावेदार हैं, तब सत्यनारायण और उनके बीच कैसे सामंजस्य बैठेगा, इसको लेकर भी सियासी गलियारों में सवाल हैं।
एक प्रतिमा-दो पार्टी : सुबह स्वागत, शाम को नफरत
{बंगाली चौराहे पर माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर गुरुवार सुबह भाजपा नेताओं ने यहां पोस्टर लगाया। इसमें ज्योतिरादित्य के भाजपा में शामिल होने पर स्वागत का जिक्र था।
{सिंधिया की प्रतिमा पर ही गुरुवार शाम जीतू पटवारी के समर्थकों ने पोस्टर टांग दिया। इस पर ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो था और लिखा था मेरा बेटा गद्दार है। बाद में पुलिस ने इसे हटा दिया।
सिंधिया के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन के गांधी भवन स्थित कमरे में गुरुवार को कार्यवाहक अध्यक्ष विनय बाकलीवाल की नेम प्लेट लग गई। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका कमरा भी खाली कर दिया था और सामान हटा दिया था। अब बाकलीवाल ही टंडन के कमरे में बैठेंगे। इधर, गुरुवार को कांग्रेस कार्यालय पर कोई खास हलचल नहीं रही।
कांग्रेस कार्यालय में टंडन के कक्ष पर अब विनय की नेमप्लेट
बेंगलुरू में मंत्री जीतू पटवारी, लाखनसिंह यादव और हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी के पिता नारायण चौधरी के साथ पुलिस की धक्का-मुक्की और गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन के सामने प्रदर्शन किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदीयुरप्पा का पुतला भी जलाया। कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी, भंवर शर्मा, संजय बाकलीवाल मौजूद थे।
कर्नाटक में पटवारी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
सिलावट के रेसीडेंसी एरिया स्थित सरकारी बंगले पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है। जानकी नगर बंगले पर भी गार्ड के अलावा कोई नहीं है। छावनी में रहने वाले करीबी रिश्तेदारों को भी कोई जानकारी नहीं है और परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल बंद हैं। यही चर्चा है कि वे 16 मार्च को इंदौर लौटेंगे। वहीं, सिंधिया के भोपाल में हुए रोड शो में इंदौर से 100 से ज्यादा समर्थक शामिल हुए।
सिलावट के बंगले पर जुटे, फिर भोपाल गए 100 से ज्यादा समर्थक