फेथ क्रिकेट ने दिल्ली को पराजित किया
स्पोर्ट्स रिपोर्टर |फेथ क्रिकेट क्लब ने दिल्ली को 83 रनों से हराकर 20 लाख रुपए इनामी राशि वाले पहले फेथ कप डे/ नाइट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में धमाकेदार शुरुआत की है। दूधिया रोशनी से जगमगाए देश के पहले डबल क्रिकेट ग्राउंड पर मेजबान टीम ने टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 217 रन बनाए। मप्र की ओर से रणजी खेल रहे वेंकटेश अय्यर ने 77 रनों की पारी खेली। उन्होंने मात्र 31 गेंदों में आठ छक्के और तीन चौके लगाए। जबकि सौरभ दलवाल ने मात्र 25 गेंदों पर 46 और आनंद बेस ने 40 रनों का योगदान दिया। दिल्ली की ओर से गौरव कुमार को दो विकेट मिले। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 134 रनों तक पहुंच पाई। उसकी ओर से समर्थ सेठ ने सर्वाधिक 33 रन बनाए। सौरभ को तीन विकेट मिले। अंकित शर्मा को दो और पुनीत दाते को एक सफलता मिली। वेंकटेश अय्यर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्हें 25 हजार रुपए से पुरस्कृत किया गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी फेथ क्लब की टीम ने मजबूत शुरुआत की। वेंकटेश अय्यर ने अपने अनुभव का फायदा उठाते हुए बड़े शॉट खेले, जिसका फायदा टीम को हुआ आैर फेथ क्लब की टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।