- Hindi News
- National
- Khandwa News Mp News From Today Doctors Will Examine Patients Wearing Ppe Kits
आज से पीपीई किट पहनकर मरीजों की जांच करेंगे डॉक्टर
कोरोना वायरस को लेकर जिले में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। सोमवार से अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के कमरा नंबर-18 में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों के लिए अलग से ओपीडी काउंटर शुरू किया जा रहा है। यहां ईएनटी और मेडिसिन विशेषज्ञ डॉक्टर व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट पहनकर मरीजों का इलाज करेंगे।
पीपीई में एक बार इस्तेमाल किए जाने वाले (डिस्पोजेबल) कपड़े, जूते, मास्क और दस्ताने होते हैं। जिसे एक बार उपयोग के बाद नष्ट कर दिया जाएगा। इधर, डॉक्टरों एवं स्टाफ को कोराेना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए जिला अस्पताल प्रबंधन ने टाइवेक सूट और नॉन कांटेक्ट थर्मामीटर मंगाए हैं। प्रदेश सरकार की दवा खरीदी सूची में टाइवेक सूट और नॉन कांटेक्ट थर्मामीटर नहीं होने के कारण निजी तौर पर अस्पताल प्रबंधन दोनों ही उपकरण मंगवा रहा है। इसमें टाइवेक सूट जहां डॉक्टरों को संक्रमण से बचाएगा, वहीं नॉन कांटेक्ट थर्मामीटर दूर से ही मरीज में कोरोना वायरस होने की पुष्टि करेगा। मरीज के संपर्क में नहीं आने के कारण उपकरण भी संक्रमण मुक्त रहेगा। सिविल सर्जन डॉ.ओपी जुगतावत एवं जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ.योगेश शर्मा ने बताया दोनों उपकरण चार दिन में मुंबई से खंडवा आ जाएंगे।
सर्दी-खांसी के मरीजों का कक्ष क्रमांक 18 में होगा इलाज।