- Hindi News
- National
- BELWA News Mp News Getting 15 Minutes Of Water Instead Of 40 Except One Day Itching On Bathing With Well Water
40 के बजाय 15 मिनट मिल रहा पानी, एक दिन छोड़कर, कुएं के पानी से नहाने पर हो रही खुजली
पर्याप्त पानी नहीं मिलने के चलते शुक्रवार को वार्ड 8 के रहवासी नगर पालिका शिकायत लेकर पहुंचे और बोले- 40 के बजाय 15 मिनट ही पानी मिल रहा है, वह भी एक दिन छोड़कर। ऐसे में रहवासियों को कुएं के पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। कुएं के पानी से नहाने से खुजली होती है। रहवासियों की समस्या को देखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मण चौहान ने आश्वासन दिया कि सभी को समय पर पानी मिलेगा और पर्याप्त मिलेगा। साथ ही कुएं की भी सफाई कराई जाएगी। इसके अलावा वार्ड में अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
शुक्रवार दोपहर में वार्ड पार्षद शंकर बिलवाल के साथ रहवासी नपा पहुंचे और कार्यालय के सामने बैठ गए। यहां पर करीब एक घंटे तक नपाध्यक्ष और रहवासियों के बीच पानी की समस्या को लेकर चर्चा की गई। मौके पर ही नपाध्यक्ष ने जल सप्लाय प्रभारी को बुलाकर समस्या का हल करने के निर्देश दिए। रहवासी महिला अनिता, सुमन, सहादिया, सरिता सहित अन्य ने बताया पिछले कई दिनों से पानी की समस्या झेल रहे हैं। पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण उपयोग के लिए कुएं से पानी लाते हैं। कुएं का पानी गंदा होने के कारण शरीर में खुजली चलती है। वहीं रहवासियों ने वार्ड में रोड निर्माण कराने को लेकर नपाध्यक्ष और नपा सीएमओ कुशलसिंह डोडवे को ज्ञापन सौंपा। नपाध्यक्ष ने बताया रोड निर्माण कराने की बात परिषद के सामने रखेंगे और स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजेंगे। राशि मिलने के बाद रोड निर्माण कराएंगे।
नपाध्यक्ष व पार्षद ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप
नपाध्यक्ष : वार्ड पार्षद वार्डवासियों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। पार्षद की चाह है कि उसके घर के आसपास ही विकास कार्य कराए जाए। वे कहते हैं कि वार्ड में नगर पालिका ने विकास कार्य नहीं कराए, जबकि वार्ड 8 में पार्षद के घर के सामने नाली बनवाई गई। जैमन कॉलोनी में रोड बनवाया गया। शौचालय बनवाया गया। जगह-जगह बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई। पार्षद गरीब लोगों को परिषद के खिलाफ भड़काने का काम कर रहा है। परिषद किसी भी वार्ड में भेदभाव पूर्ण काम नहीं कर रही है। सभी जगह विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
पार्षद : वार्ड में कोई विकास कार्य नहीं कराए जा रहे है। घरों के सामने नालियां नहीं बनाई जा रही। चैंबर चोक है। उन्हें साफ नहीं कराया जा रहा है। इसके अलावा झाड़ू भी नहीं लगवाई जा रही और नालियां भी साफ नहीं हो रही है। रोड निर्माण भी नहीं कराया जा रहा है। इस कारण से जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी भी पर्याप्त नहीं दिया जा रहा है। शिकायत करने पर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन एक-दो दिन बाद फिर से पहले जैसी ही समस्या खड़ी हो जाती है।
वार्ड पार्षद नपा कार्यालय के सामने बैठे, नपाध्यक्ष व रहवासियों में एक घंटे चली चर्चा
भास्कर ने जानी हकीकत : शाम 5.25 बजे से 40 मिनट आया पानी
नगर पालिका में पानी की समस्या लेकर पहुंचे वार्ड आठ के रहवासियों का कहना था कि उन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है और इन्हें आश्वासन मिला था कि शाम 5 बजे पर्याप्त पानी मिलेगा। इसकी हकीकत जानने के लिए भास्कर टीम शाम 5 बजे वार्ड आठ के उस क्षेत्र में पहुंचीं, जहां पानी की किल्लत थी। करीब 25 मिनट इंतजार करने के बाद 5.25 मिनट पर पानी सप्लाय शुरू हुआ, जो 35 मिनट प्रेशर से आया। अंत के 5 मिनट कम प्रेशर से आया। यानि शहर में नपा अभी 40 मिनट तक पानी सप्लाय कर रही है। शुक्रवार को इस क्षेत्र में भी 40 मिनट पानी सप्लाय किया गया। रहवासियों का कहना था कि नगर पालिका मंे शिकायत की। तब जाकर 40 मिनट तक पानी मिला। पहले तो 15 िमनट से ज्यादा नहीं मिलता था। कई बार तो ऐसा होता था कि पानी आता ही नहीं था।
नहीं आने देंगे किल्लत
लक्ष्मण चौहान, नपाध्यक्ष बड़वानी।
सावंतपुरम कॉलोनी में भी पानी की समस्या
वार्ड आठ के अलावा आशाग्राम रोड स्थित सावंतपुरम कॉलोनी में भी पानी की समस्या चल रही है। यहां के रहवासियों ने बताया पिछले कई दिनों से पानी सप्लाय नहीं हो रहा है। इसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जल सप्लाय अधिकारी प्रदीप गंगराड़े ने बताया शहर में कुछ क्षेत्र है, जहां पानी की समस्या है। सभी जगह पर्याप्त पानी सप्लाय किया जा रहा है। जल सप्लाय प्रभारी ने बताया शहर में 30 मिनट पानी सप्लाय करने का आदेश है। फिर भी 40 मिनट पानी सप्लाय किया जा रहा है।
कुएं के पानी से होती है खुजली।
रहवासियों को समझाइश देते हुए नपाध्यक्ष।