- Hindi News
- National
- Sendhwa News Mp News Inspection Correcting The Road And Culvert Properly
निरीक्षण : सड़क और पुलिया की ठीक से करें तराई
ओझर-नागलवाड़ी रोड की खराब गुणवत्ता की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देश के बाद पीडब्ल्यूडी पीआईयू के अफसर ने रोड की गुणवत्ता की जांच की। ठीक से तराई नहीं किए जाने पर तराई करने को कहा। वहीं एक पुलिया पर पाइप के ऊपर दोबारा कांक्रीटीकरण करने के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी पीआईयू के पीके जैन संभागीय परियोजना यंत्री शनिवार को जांच करने पहंुचे। नागलवाड़ी रोड पर देव नली के पास बनने वाली पुलिया की ठीक से तराई नहीं होने से पुलिया के हिस्से पर दोबारा कांक्रीटीकरण करने के निर्देश ठेकेदार को दिए। रोड खुदा हुआ होने से धूल का गुबार उड़ता है। शिखरधाम आने जाने वाले श्रद्धालुओं सहित राहगीरों को परेशानी होती है। इस बारे में बताए जाने पर अफसर ने दो बार रोड पर पानी का छिड़काव करने को कहा। नागलवाड़ी गांव में दो दिन में रोड की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए गए।
रोड बनने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी
एक वर्ष पहले ओझर से नागलवाड़ी तक 9 किमी लंबे रोड का काम शुरू किया गया था, लेकिन फिर चुनावी आचार संहिता के चलते रूक गया था। मुख्यमंत्री ने नागलवाड़ी दौरे के दौरान भूमिपूजन किया। इसके बाद कुछ माह पहले फिर से काम शुरू हुआ। इसके निर्माण से नागलवाड़ी शिखरधाम जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा होगी।
कलेक्टर के निर्देश पर की गुणवत्ता की जांच
लोगों में नाराजगी : बलवाड़ी रोड पर भी उड़ते हैं धूल का गुबार
सेंधवा-वरला रोड का काम धीमी गति से हो रहा है। अभी तक 40 प्रतिशत ही काम हुआ है। सेंधवा से वरला तक रोड खुदा हुआ होने से धूल उड़ती है। वहीं दोपहिया वाहन चालक खराब रोड के कारण गिर जाते हैं। खराब रोड पर बस भी हादसे का शिकार हाे चुकी है। ठेकेदार द्वारा धूल की समस्या को कम करने के लिए पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा। इससे लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से की थी शिकायत
कलेक्टर अमित तोमर ने एक पखवाड़े पहले मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कंपनी के सहायक प्रबंधक के साथ ओझर-नागलवाड़ी रोड का निरीक्षण किया था। इस दौरान गांव के लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता खराब होेने की शिकायत की थी। इस पर कलेक्टर ने अन्य एजेंसी से जांच कराने की बात कही थी।
रोड का निरीक्षण करते पीडब्ल्यूडी पीआईयू के अफसर जैन।