- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Ipl Matches Cannot Be Held Without Spectators India Africa Series Banned From Spectators
आईपीएल मैच बिना दर्शक के हो सकते हैं, भारत-अफ्रीका सीरीज से दर्शक बैन
आईपीएल के 13वें सीजन के मुकाबले बिना दर्शक के हो सकते हैं। कोरोनावायरस के खतरे को देखते हुए खेल मंत्रालय ने सभी स्पोर्ट्स फेडरेशन और बीसीसीआई के लिए गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक किसी भी इवेंट में भीड़ जुटाने पर रोक लगाई गई है। आईपीएल के मुकाबले 29 मार्च से शुरू हो रहे हैं। इसमें 64 विदेशी खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की 14 मार्च को बैठक होने जा रही है। इसमें लीग को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। 15 अप्रैल तक सरकार की ओर से सभी वीजा भी रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे में यदि टूर्नामेंट का आयोजन होता है तो विदेशी खिलाड़ियों को उतरने के लिए सरकार से अनुमति लेनी होगी। इस बीच भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के बचे दो मैच में दर्शक के जाने पर रोक लगा दी गई है।
आईपीएल की 8 टीमों में 189 खिलाड़ी
आईपीएल की 8 टीमों में 189 खिलाड़ी हैं। इनमें 64 विदेशी खिलाड़ी हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली कह चुके हैं कि आईपीएल शेड्यूल के मुताबिक ही होगा। जरूरत पड़ी तो हेल्थ एडवाइजरी जारी की जा सकती है। दूसरी तरफ, महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएल के टिकट बिक्री पर रोक लगा दी है। खेल सचिव राधे श्याम जुलानिया ने कहा कि देश में खेल प्रतियोगिताएं जारी रह सकती हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग मौजूद नहीं रहें। बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों का वीसा बिजनेस कैटेगरी में आता है। ऐसे में वे 15 अप्रैल तक देश में नहीं आ सकेंगे।
देश में अब तक 9 खेल प्रभावित हुए हैं
{ एथलेटिक्स | 6 से 8 अप्रैल तक भोपाल में होने वाला जूनियर फेडरेशन कप टाला गया। फेडरेशन कप से पांच देशों के खिलाड़ियों की एंट्री पर बैन।
{ बैडमिंटन | इंडिया अोपन 24 से 29 मार्च तक दिल्ली में। दर्शक के आने पर पूरी तरह बैन।
{ बास्केटबॉल | 18-22 मार्च तक बेंगलुरू में होने वाला 3 गुणा 3 ओलिंपिक क्वालिफाइंग इवेंट टला।
{ क्रिकेट | 15 अप्रैल तक आईपीएल में विदेशी खिलाड़ी नहीं उतर सकेंगे। वर्ल्ड रोड सेफ्टी सीरीज भी टाली गई।
{ फुटबॉल | 14 मार्च को गोवा में होने वाला आईएसएल फाइनल में दर्शक नहीं जा सकेंगे। 26 मार्च और 9 जून को वर्ल्ड कप क्वालिफायर मैच टाले गए। 14 से 27 अप्रैल तक होने वाला संतोष ट्रॉफी का 5वां राउंड टाला गया। अाई लीग के बचे मैच में दर्शकों के आने पर बैन।
{ गोल्फ/ टेनिस | 19-22 मार्च तक होने वाला इंडिया ओपन टला। सभी घरेलू टूर्नामेंट स्थगित हुए।
{ पैरा स्पोर्ट्स | नेशनल, स्टेट चैंपियनशिप टाली गईं।
{ शूटिंग | दिल्ली में होने वाला वर्ल्ड कप टला।
स्पेनिश ला लिगा दो हफ्ते के लिए स्थगित हुआ
स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लिगा को दो हफ्ते के लिए टाल दिया गया है। रियल मैड्रिड क्लब को निगरानी में रखा गया है। वहां के एक खिलाड़ी के पॉजीटिव पाए जाने के बाद निर्णय लिया गया है। इस बीच इटैलियन सीरी ए लीग के एक खिलाड़ी रूगानी के पॉजीटिव पाए जाने की पुष्टि हो गई है। वे युवेंटस से खेलते हैं।
बास्केटबॉल लीग एनबीए का सीजन टाला गया
बास्केटबॉल लीग एनबीए को टाल दिया गया है। एक खिलाड़ी के पॉजीटिव पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके पहले अमेरिका में इंडियन वेल्स टेनिस को भी टाल दिया गया था। इस बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड मैनेजमेंट ने कहा कि महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में आया एक दर्शक भी पॉजीटिव पाया गया है।
फ्रेंचाइजी टीमें बिना दर्शक के आयोजन को तैयार हैं
फ्रेंचाइजी के अधिकारियों ने कहा कि अगर मैच के दौरान दर्शक नहीं आते हैं तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन बीसीसीआई को विदेशी खिलाड़ियों को लेकर सरकार से बात करनी चाहिए। वीसा नियमों के कारण 15 अप्रैल तक कोई विदेशी खिलाड़ी नहीं आ सकेगा। अधिकारी ने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों के नहीं आने से असर होगा।
{29 मार्च से आईपीएल के मुकाबले, 64 विदेशी खिलाड़ियों को मिली है जगह, काउंसिल की बैठक में कल फैसला होगा