कलश यात्रा निकाली, गांव में हुआ स्वागत
ग्राम छापरी के पटेलपुरा में शुक्रवार से सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन गांव में कलश यात्रा निकाली गई। इसमें भागवत ग्रंथ को सिर पर रखकर मुख्य यजमान आगे चल रहे थे। इसके पीछे सिर पर कलश धारण कर महिलाएं व बालिकाएं चल रही थी। कलश यात्रा का गांव में जगह-जगह स्वागत किया गया।
ग्रामीणों ने बताया भागवत कथा 19 मार्च तक चलेगी। छापरी गांव के पटेलपुरा में पं. प्रशांत व्यास नीमचवाले रोज दोपहर 12 से 3 बजे तक कथावाचन करेंगे। कथा की शुरुआत में गांव के मुख्य मार्ग से सुबह 8 बजे कलश यात्रा निकाली गई। जो दो घंटे गांव के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल पहुंची। 151 बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर कलश यात्रा में शामिल हुई। यात्रा में भगवान श्रीराम दरबार की वैशभूषा में बालक सजे थे। जो सुंदर झांकी में विराजमान थे। यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान पूरे रास्ते कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। भागवत कथा के चलते 18 मार्च तक रोज रात में 8 बजे से गांव की भजन मंडली के युवाओं के द्वारा भजन-कीर्तन किए जाएंगे।
कलश यात्रा के दौरान मौजूद महिला-पुरुष।