- Hindi News
- National
- Bhopal News Mp News Kurra Will Open Today For The Prayer Of The Holy Mecca
पवित्र मक्का की रुबात के लिए आज खुलेगा कुर्रा
पवित्र मक्का और मदीना में हज करने जा रहे जायरीनों के लिए मदीना में ठहरने की जगह का इंतजाम नहीं होने से मायूसी है। दोनों स्थानों की रुबात का संचालन करने वाली संस्था औकाफे शाही द्वारा शुक्रवार को सिर्फ मक्का के लिए कुर्रा निकाले जाने के ऐलान के बाद जायरीनों में रोष है। मदीना के लिए कुर्रा नहीं होने की स्थिति में प्रति हज यात्री पर औसतन 55 हजार रुपए का भार आएगा। वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने राज्य शासन से मक्का और मदीना की रुबात का संचालन और देखरेख का दायित्व मप्र राज्य हज कमेटी को सौंपे जाने की मांग की हैं। गौरतलब है कि मदीना की रुबात में करीब 950 जबकि मक्का में 200 यात्रियों को ठहरने की सुविधा मुहैया कराई जाती है। वैसे मप्र राज्य हज कमेटी ने गत 18 जनवरी को हज यात्रियों के लिए पूर्व में कुर्रा निकल चुकी हैं। इसमें 4154 हज यात्रियों का चयन हुआ है जबकि 8444 यात्रियों की वेटिंग हैं।
मक्का में हज यात्रियों के ठहरने की खातिर शुक्रवार सुबह 9 बजे मोती मस्जिद में कुर्रा (लाटरी) खुलेगा, लेकिन मदीना की रुबात को लेकर औकाफे शाही ने अब तक कोई स्थिति स्पष्ट नहीं की है। इसको लेकर हज यात्रियों में असंतोष है। यह कुर्रा भी सिर्फ 200 हज यात्रियों के लिए होगा। इसमें भोपाल समेत सीहोर और रायसेन के हज यात्रियों के नाम शामिल किए जाएंगे। इधर, ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी अध्यक्ष डॉ. औसाफ शाहमीरी खुर्रम का आरोप है कि मदीना की रुबात को लेकर औकाफे शाही गंभीर नहीं है। वहां किराए पर रुबात का संचालन होता है। इसकी आय का लेखा-जोखा सार्वजनिक नहीं किया जाता। अब वहां का कुर्रा नहीं खोले जाने से इस संदेह को बल मिला है कि औकाफे शाही ने गड़बड़ी की है। इसे छुपाने की खातिर कुर्रा नहीं खोला जा रहा।
कमेटी की मांग... मक्का-मदीना की रुबात का संचालन राज्य हज कमेटी को सौंपा जाए
रुबात वक्फ की प्रॉपर्टी नियंत्रण में लें सरकार
डॉ. खुर्रम का कहना है मक्का और मदीना की रुबात वक्फ संपत्ति है। इसे राज्य सरकार को अपने नियंत्रण में लेना चाहिए। दोनों के संचालन का जिम्मा राज्य हज कमेटी को सौंपा जाना चाहिए। यहां हुई अनियमितताओं की जांच भी करानी चाहिए।
मदीना की रुबात पर निर्णय
औकाफे शाही के सचिव आजम त्रिमिजी ने कहा कि शुक्रवार मक्का की रुबात का कुर्रा निकाला जाएगा। मदीना के बारे में जल्द निर्णय होगा।