छाछ बनाते समय मशीन से लगा करंट, महिला की मौत
मूंदी | घर में छाछ बना रही महिला को मशीन छूने से करंट लग गया। महिला घर में ही बेहोश हो गई। परिजन तत्काल उसे मूंदी अस्पताल लाए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन अस्पताल परिसर में ही देर तक विलाप करते रहे।
घटना मुख्यालय से 22 किमी दूर ग्राम बीजापुर में शनिवार दोपहर 4 बजे की है। गांव की पूजा पति राजकुमार राजपूत (30) घर में बिजली मशीन से छाछ बना रही थी। इसी दौरान उसे अचानक करंट लग गया। वह जमीन पर गिर पड़ी। परिजन ने देखा तो उसे तत्काल मूंदी सीएचसी लाए। यहां डॉ. शांता तिर्की ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का पति व परिजन अस्पताल में देर तक विलाप करते रहे। पति भी परिजन की गोद में सिर रख काफी देर तक रोता रहा। पूजा का विवाह 2013 में हुआ था। सात साल नहीं होने से पुनासा नायब तहसीलदार एके मिश्रा की उपस्थिति में पीएम कर शव परिजन को सौंप दिया गया। टीआई अंतिम पंवार ने बताया फिलहाल मर्ग कायम किया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।