- Hindi News
- National
- Pansemal News Mp News Meditation And Pulse Purification Will Not Cause Headaches
ध्यान व नाड़ी शोधन प्राणायाम करने से नहीं होगा सिर दर्द
शासकीय कस्तूरबा गांधी बालिका स्कूल आमदा में एक दिनी नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन हुआ। इसमें योगगुरु कृष्णकांत सोनी ने छात्राओं को विभिन्न योग व प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही इन्हें नियमित रूप से करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि आधुनिक युग में सुविधाओं से भी लोग रोगी बन रहे हैं। लोगों की सही दिनचर्या व खानपान नहीं होने से आधुनिक युग में कई रोग उत्पन्न होकर पनपने लगे हैं।
योग गुरु ने आगे बताया कि सिर दर्द से बच्चे, युवा, महिला-पुरुष सभी परेशान रहते हैं। सिर दर्द के कारण सोचने की शक्ति कमजोर होती है। व्यक्ति चिड़चिड़ा होता है। उसे भूख नहीं लगती। अपना गुस्सा दूसरों पर निकालता है। वह सुचारू रूप से किसी भी कार्य को करने में सक्षम नहीं बन सकता है। अतः सिर दर्द के कारणों को जानना होगा। उन्होंने बताया कि धूल के कारण, मल व गैस का उचित समय पर निष्कासन ना करना, तकिए की खोल व कंबल की लंबे समय तक सफाई नहीं करना, समय से पोस्टिक भोजन नहीं करना, पर्याप्त रूप से नींद नहीं लेना, साथ ही ज्यादा वार्तालाप करना और सिर व कंधे के बीच गर्दन में मोटे तकिए का प्रयोग करना। इन्हीं कारणों से सिर दर्द व अस्थमा रोग बड़ी आसानी से हो जाते हैं और विद्यार्थीगण अपना भविष्य सिर दर्द के कारण बिगाड़ लेते हैं।
नाड़ी शोधन प्राणायाम का कराया अभ्यास
योग गुरु ने छात्राओं को ध्यान आसन, नाड़ी शोधन प्राणायाम, शीतली शीतकारी प्रणाम, वज्रासन, पवनमुक्तासन, हृदय नमस्कार का अभ्यास कराया। साथ ही सुबह तांबे के घड़े के जल का सेवन व आंवला चूर्ण का प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही सकारात्मक विचारों को अपनाने व तकिए, कंबल आदि की समय पर धुलाई कर स्वच्छ रखने की सलाह दी। इस दौरान वार्डन मीरू बरडे, रोशनी, पायल, साधना, राधिका, उमा, लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद थी।
योग शिविर में विभिन्न आसन का अभ्यास करते विद्यार्थी।